नागपुर: वदर्भ और मध्यप्रदेश के बीच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी 2024 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले के पहले दिन मेजबान विदर्भ का हाल बेहाल मध्यप्रदेश के गेंदबाजों ने कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ की टीम पहली पारी में 56.4 ओवर में 170 रन बनाकर ढेर हो गई। आवेश खान और वेंकटेश अय्यर की गेंदबाजी के सामने करुण नायर और अथर्व तायडे ही कुछ देर तक पुच पर डटे रह सके।
करुण नायर ने बनाए विदर्भ के लिए सबसे ज्यादा रन
विदर्भ के लिए करुण नायर सबसे सफल बल्लेबाज रहे उन्होंने 63 रन बनाए। वहीं तायडे ने 39 रन की पारी खेली। विदर्भ के आखिरी चार बल्लेबाज तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। एमपी के लिए आवेश खान ने 49 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं दो-दो सफलता वेंकटेश अय्यर और कुलवंत खजरोलिया को मिली। 1-1 विकेट अनुभव अग्रवाल और कुमार कार्तिकेय को मिला।
आवेश ने दिलाई मध्य प्रदेश को पहली सफलता
विदर्भ को अथर्व तायडे और ध्रुव शौरी ने सधी हुई शुरुआत दी। लेकिन 32 के स्कोर पर शौरी को बोल्ड करके आवेश ने मध्यप्रदेश को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद तायडे ने अमन मोखाडे के साथ पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 68 रन तक पहुंचाया। लेकिन वेंकेटेश अय्यर ने तायडे(39) को विकेट के पीछे कैच कराकर दूसरी सफलता अपनी टीम को दिलाई। इसके थोड़ी देर बाद अमन मोखाड़े को भी आवेश खान ने कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। वो 13 रन बना सके।
105 रन पर विदर्भ की आधी टीम लौटे पवेलियन
77 रन पर 3 विकेट के स्कोर पर एक छोर करुण नायर से संभाल लिया। नायर ने यश राठौड़ के साथ मिलकर स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन 101 के स्कोर पर राठौड़ को अय्यर ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद मुश्किल वक्त में बल्लेबाजी करने आए कप्तान अक्षय वाडकर कुलवंत खजरोलिया की गेंद पर लपके गए। वो केवल 1 रन बना सके।
चायकाल के बाद खत्म हुई विदर्भ का पारी
106 रन पर 5 विकेट विदर्भ ने गंवा दिए थे। उसकी हालत पतली दिख रही थी ऐसे में एक छोर संभाले खड़े नायर ने अपना अर्धशथक 79 गेंद में 8 चौकों की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों की झड़ी लगी रही। चायकाल तक विदर्भ ने 54 ओवर में 169/8 रन बना लिए थे। नायर 62 और उमेश यादव 0 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन तीसरे सत्र के खेल के दूसरे ही ओवर में करुण नायर को खजरोलिया ने बोल्ड कर दिया और इसके बाद उमेश यादव को कैच कराकर विदर्भ को समेट दिया।
जवाब में मध्य प्रदेश ने बनाए एक विकेट खोकर 47 रन
विदर्भ के 170 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम की शुरुआत भी खराब रही। 20 रन के स्कोर पर उमेश यादव ने यश दुबे(11) को विकेट के पीछे कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद हिमांशु मंत्री और हर्ष गावली ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। 47/1 स्कोर पर मंत्री(26) और गावली (10) नाबाद पवेलियन वापस लौटे। मध्यप्रदेश फिलहाल विदर्भ से 123 रन पीछे है।
