क्रिकेट

IND vs ENG: इंग्लैंड को हिलाने के लिए टीम इंडिया को पहले ही मैच में लेना होगा यह फैसला, गावस्कर ने दिया सुझाव

आयरलैंड से हारने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया पर दबाव बढ़ गया है। 5 मैच की टी20 सीरीज का आगाज 1 जुलाई से होने जा रहा है और इस अहम सीरीज से पहले सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम मैनेजमेंट को एक अहम सलाह दी है।

Image

भारत और इंग्लैंड (साभार-X)

भारतीय कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर की शुरुआत इससे बदतर नहीं हो सकती थी। पहले यह कहकर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में ना शामिल करना कि हम फुल स्ट्रैंथ के साथ उतरेंगे और फिर आयरलैंड के खिलाफ हार जाना। अय्यर और गंभीर की जोड़ी के पास इस हार का कोई जवाब नहीं है, उल्टे इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले इस हार ने टीम इंडिया पर दबाव बढ़ा दिया है।

दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी के फैंस को और निराशा हुई है क्योंकि जब आयरलैंड के खिलाफ टीम मैनेजमेंट उन्हें खिलाने का जोखिम नहीं उठा पाई तो इंग्लैंड के खिलाफ यह तर्कसंगत नहीं लगता। लेकिन इस बीच दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टीम मैनेजमेंट को एक खास सलाह दी है।

पहले ही मैच में मिले वैभव को जगह

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टी20 सीरीज का आगाज 1 जुलाई से होने जा रहा है। इससे पहले सुनील गावस्कर ने टीम मैनेजमेंट को इसी मुकाबले में शामिल करने की सलाह दी है। उन्होंने प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन पर भी बात की है। गावस्कर के अनुसार अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी तीनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। गावस्कर की मानें तो वैभव सूर्यवंशी को नंबर 3 पर भी बैटिंग कराई जा सकती है।

प्लेइंग इलेवन से किसे किया जाए बाहर

सुनील गावस्कर ने कहा कि मिडिल ऑर्डर में जो आउट ऑफ फॉर्म बल्लेबाज हैं, उनकी जगह वैभव को शामिल किया जा सकता है। अगर वैभव चल गए तो पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड हिल जाएगी। आपको बता दें कि वैभव का मौजूदा फॉर्म शानदार रहा है और बीते आईपीएल में वह ऑरेंज कैप सहित 5 अवॉर्ड जीतकर टीम में शामिल हुए हैं। वैभव अगर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं तो उनके लिए सबसे मुफीद फॉर्मेट यही है। वैभव सूर्यवंशी ने इस फॉर्मेट में अब तक 34 पारी में 220 की स्ट्राइक रेट से 1477 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 134 छक्के, 6 अर्धशतक और 4 शतक जड़े हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article