क्रिकेट

UP W vs MI W Preview: 'करो या मरो' के मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ भिड़ेगी यूपी वॉरियर्स की टीम

UP W vs MI W WPL 2025 Preview: यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच आज रोमांचक मैच खेला जाने वाला है। इस मैच से प्लेऑफ की रेस भी तय होने वाली है। ये यूपी वॉरियर्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण मैच साबित हो सकता है।

Image

यूपी वॉरियर्स (फोटो- BCCI)

UP W vs MI W WPL 2025 Preview: खराब फॉर्म से जूझ रही यूपी वारियर्स को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2024 में बृहस्पतिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हर हालत में जीत दर्ज करनी होगी। लगातार दो मैच हार चुकी यूपी वारियर्स की प्लेऑफ़ में पहुंचने की उम्मीदें इसी मैच पर टिकी हैं। पिछले मैच में गुजरात जायंट्स ने उन्हें 81 रन से हराकर उन्हें पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे धकेल दिया है।

यूपी वारियर्स की चिंताएं बढ़ीं

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में गुजरात जायंट्स के खिलाफ हार ने यूपी वारियर्स के रन रेट को भी गिरा दिया है। अब उनके पास केवल दो मैच बचे हैं, और उन्हें लगातार तीसरी हार से बचना होगा। पिछले मैच में बेथ मूनी की शानदार बल्लेबाजी के कारण गुजरात जायंट्स ने पांच विकेट पर 186 रन बनाए, जो इस सत्र का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में यूपी वारियर्स के बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे और टीम केवल 105 रन पर आउट हो गई।

बल्लेबाजी विफलता ने बढ़ाई मुश्किलें

यूपी वारियर्स ने जॉर्जिया वोल को तीसरे नंबर पर भेजने का प्रयोग किया, लेकिन यह रणनीति भी नाकाम रही। टीम ने 10 ओवर के भीतर छह विकेट केवल 48 रन पर गंवा दिए। शीर्ष छह बल्लेबाजों में से केवल एक ही दोहरे अंक तक पहुंच सका। वेस्टइंडीज की चिनेले हेनरी ने 14 गेंद में 28 रन बनाकर टीम को सौ रन के पार पहुंचाया, लेकिन यह प्रयास पर्याप्त नहीं था।

चिनेले हेनरी का शानदार प्रदर्शन

चिनेले हेनरी ने इस सत्र में 209 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 138 रन बनाए हैं और वह तेजी से रन बनाने में कामयाब रही हैं। यूपी वारियर्स को उम्मीद है कि वह अगले मैच में भी इसी तरह का प्रदर्शन करेंगी।

कप्तान दीप्ति शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी

यूपी वारियर्स की कप्तान दीप्ति शर्मा का बल्ला अभी तक खामोश है, और उन्हें टीम की अगुवाई करते हुए बेहतर प्रदर्शन करना होगा। मध्यक्रम में ग्रेस हैरिस की भूमिका भी अहम होगी।

मुंबई इंडियंस की बेहतर स्थिति

मुंबई इंडियंस की स्थिति यूपी वारियर्स से बेहतर है। वे छह अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं और उनके पास शीर्ष पर पहुंचकर फाइनल में सीधे जगह बनाने का मौका है। WPL में शीर्ष टीम सीधे फाइनल में पहुंचती है, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें एलिमिनेटर मैच खेलती हैं।

मुंबई इंडियंस की रणनीति

मुंबई इंडियंस को अभी तीन मैच और खेलने हैं, और उनकी नजरें शीर्ष स्थान पर हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर को अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होगा। नेट स्किवेर ब्रंट को भी प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी।

टीमें:

यूपी वारियर्स: दीप्ति शर्मा (कप्तान), अंजलि सरवानी, चमारी अथापथु, उमा छेत्री, सोफी एक्लेस्टोन, राजेश्वरी गायकवाड़, अरुशी गोयल, क्रांति गौड़, ग्रेस हैरिस, चिनेले हेनरी, पूनम खेमनार, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्रा, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत, गौहर सुल्ताना, साइमा ठाकोर, दिनेश वृंदा।

मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यस्तिका भाटिया, नादिन डि क्लार्क, संस्कृति गुप्ता, साइका इशाक, शब्निम इस्माइल, जिन्तिमनी कलिता, जी कमालिनी, अमनदीप कौर, अमनजोत कौर, सत्यमूर्ति कीर्तना, अमेलिया केर, अक्षिता माहेश्वरी, हेली मैथ्यूज, सजीवन सजना, नैट स्काइवर ब्रंट, पारुनिका सिसोदिया और क्लो ट्रायोन।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article