Umran Malik fastest ball record: टीम इंडिया और मेहमान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बीच मंगलवार को गुवाहाटी में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने 67 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए 50 ओवर प्रारूप में नए साल का विजयी आगाज किया। इस जीत में कई खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही जिसमें खासतौर पर बल्लेबाज विराट कोहली (113 रन), रोहित शर्मा (83 रन) और शुभमन गिल (70 रन) का नाम रहा जिनके दम पर भारत 373 जैसा बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा, लेकिन एक गेंदबाज भी ऐसा रहा जो आए दिन सुर्खियां बटोर रहा है। वो हैं उमरान मलिक।
टीम इंडिया ने श्रीलंका को 374 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था, लेकिन श्रीलंकाई टीम 306 रन तक ही पहुंच सकी जिसमें उनके कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 108) का सबसे बड़ा योगदान रहा, लेकिन वो भी अपनी टीम को जीत तक नहीं ले जा सके क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा होने नहीं दिया। भारतीय गेंदबाजों में सबसे सफल गेंदबाज रहे जम्मू-कश्मीर के युवा पेसर उमरान मलिक जिन्होंने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। इससे पहले टी20 सीरीज में भी वो सर्वाधिक विकेट लेने वाले ेगेंदबाज बने थे।
स्पीड किंग ने बनाया एक और रिकॉर्ड, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
टी20 सीरीज के दौरान उमरान मलिक ने 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया था। वो जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड बनाने में सफल हुए थे। लेकिन मंगलवार को गुवाहाटी में उन्होंने फिर कमाल किया और इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला।
उमरान मलिक ने श्रीलंकाई पारी के 14वें ओवर में अपनी पहली स्पेल के दौरान 156 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक गेंद फेंकी और इसके साथ ही उन्होंने अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
उमरान का कहना है कि मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी जैसे टीम के अनुभवी गेंदबाजों ने उन्हें यही सलाह दी है कि वो अपनी रफ्तार को बरकरार रखें और इसको और बेहतर करते जाएं क्योंकि यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
