क्रिकेट

IND vs SL: मुंबई के बाद पुणे में भी दिखा उमरान मलिक की तेज गेंदबाजी का तूफान

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 5, 2023, 09:19 PM IST

श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में उमरान मलिक की रफ्तार का तूफान जारी है। उन्होंने दूसरे मुकाबले में भी तीन विकेट चटकाए और भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे।

Image

उमरान मलिक(साभार AP)

पुणे: वानखेड़े स्टेडियम में 155 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करके श्रीलंकाई बल्लेबाजों के पसीने छुड़ाने वाले टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक का तूफान पुणे में भी देखने को मिला। अपनी शानदार गेंदबाजी और फॉर्म को बरकरार रखते हुए टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया की वापसी करा दी।

उमरान मलिक ने फिर ढाया कहर

युजवेंद्र चहल ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद उमरान मलिक ने बल्लेबाज करने आए भानुका राजपक्षे को आते ही चलता कर दिया। नौवें ओवर की पहली गेंद पर उमरान ने राजपक्षे को बोल्ड कर दिया। वो केवल 2 रन बना सके। इसके बाद उमरान ने 16वें ओवर में श्रीलंका को दोहरे झटके दिए। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर तेजी से रन बना रहे चरिथ असलंका को शुभमन गिल के हाथों कैच करा दिया। असलंका ने 37(19) रन बनाए। इसके बाद अगली ही गेंद पर बल्लेबाजी करने आए वनिंदु हसरंगा को शानदार इनस्विंगर पर बोल्ड कर दिया। इसके साथ ही उमरान हैट्रिक पर आ गए।

आखिरी ओवर में लुटाए 21 रन

अपने स्पेल के आखिरी ओवर में उमरान महंगे साबित हुए। इस ओवर में उन्होंने कुल 21 रन दिए। जिसमें दो छक्के और एक चौका दसुन शनाका ने जड़ा। इसके साथ ही उमरान ने चौकों छक्कों की बारिश वाले इस मुकाबले का अंत 4 ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट के साथ किया। ये विकेटों के लिहाज से उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

किया करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

पिछले मुकाबले में उमरान मलिक ने 27 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे। उनका आज का प्रदर्शन पिछले मैच के प्रदर्शन से फीका रहा लेकिन उमरान एक बार फिर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे। अबतक टीम इंडिया के लिए खेले 5 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में 26.71 के औसत और 11 की इकोनॉमी के साथ 7 विकेट चटकाए हैं। भले ही उमरान महंगे साबित हो रहे हैं लेकिन वो विकेटटेकर बनकर भी उभर रहे हैं। दो मैच में 5 विकेट यही जाहिर करता हैं।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article