जुलाई महीने में होने वाले टीम इंडिया के वेस्टइंडीज दौरे के लिए टेस्ट और वनडे टीम की घोषणा के बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि आखिरी उमेश यादव को टीम से ड्रॉप क्यों किया गया। बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से पता चला है कि दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए तेज गेंदबाज उमेश यादव को ड्रॉप नहीं किया गया है। दरअसल वह इंजर्ड हैं और इस कारण वह सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार उमेश हैमस्ट्रींग इंजरी से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिकवरी के लिए एनसीए में हैं।
उमेश हाल ही में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा थे। हालांकि, वहां उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिली थी। उन्होंने पहली पारी में 77 रन दिए थे तो दूसरी पारी में 54 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे।
T20I में रिंकू सिंह को मौका
आईपीएल 2023 में अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले रिंकू सिंह को T20I टीम में मौका मिल सकता है। रिंकू अपनी टीम कोलकाता की ओर से खेलते हुए सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 14 इनिंग 59.25 की औसत और 149.52 की स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने यश दयाल के ओवर में 5 छक्के सहित 29 रन बनाए थे और अपनी टीम को नामुमकिन जीत दिलाई थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया 5 मैच की T20I सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 3 अगस्त को होगी। उसके बाद टीम एशिया कप खेलेगी और इसलिए टीम उमेश यादव को लेकर जल्दीबाजी नहीं दिखा रही है। मोहम्मद शमी को वनडे और टेस्ट टीम से आराम दिया गया है।
