क्रिकेट

U19 Asia Cup 2025, INDU19 vs PAKU19: भारत मे पाकिस्तान को रौंदकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत, कनिष्क चौहान और आरोन जॉर्ज चमके

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम कनिष्क चौहान और आरोन जॉर्ज के शानदार प्रदर्शन के बदौलत पाकिस्तान को पटखनी देकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही। यूएई के खिलाफ धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी नाकाम रहे।

Image

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ACC X)

दुबई: भारत ने ऑलराउंडर कनिष्क चौहान और तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन की अगुवाई में अनुशासित गेंदबाजी की बदौलत रविवार को यहां अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को 90 रन से करारी शिकस्त दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 240 रन का स्कोर खड़ा किया जिसमें आरोन जॉर्ज ने 85 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे (38) और चौहान (46) ने भी उपयोगी योगदान दिया। इसके बाद 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम शुरुआती झटकों से नहीं उबर पाई और 41.2 ओवर में 150 रन पर ऑल आउट हो गई।

वैभव सूर्यवंशी और म्हात्रे रहे नाकाम

भारत ने तेज शुरुआत की जिसमें कप्तान म्हात्रे ने 25 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। लेकिन मोहम्मद सैयाम ने पहले 10 ओवर के अंदर दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया। इसके बाद जॉर्ज ने पारी को संभाला। वह लगातार गैप ढूंढकर रन जुटाते रहे जिससे बीच के ओवरों में उन्होंने स्थिरता बनाए रखी। चौहान ने आखिरी ओवरों में तेज बल्लेबाजी जिसमें तीन छक्के शामिल थे और भारत को नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद 230 रन के पार पहुंचाने में मदद की। पाकिस्तान के लिए सैयाम ने 67 रन देकर और अब्दुल सुभान ने 42 रन देकर तीन तीन विकेट झटके जबकि निकाब शफीक ने दो विकेट लिए।

पाकिस्तान ने 30 रन पर गंवा दिए थे चार विकेट

पाकिस्तान की पारी की शुरुआत खराब रही। उसके 30 रन के स्कोर पर चार विकेट गिर गए जिसमें देवेंद्रन ने शुरुआती स्पैल में तीन विकेट लिए। कप्तान फरहान यूसुफ (23) और हुजैफा अहसान ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन चौहान की धारदार ऑफ-स्पिन ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। अहसान पाकिस्तान के लिए 83 गेंद में 70 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई साथ नहीं मिला। चौहान ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि देवेंद्रन ने 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जिससे भारत ने मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और ग्रुप ए के इस महत्वपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।

भारत ने जारी रखी नो हैंडशेक की नीति

दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने टॉस के समय और मैच के बाद एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया जिससे हाल में खत्म हुए एशिया कप 2025 के दौरान भारतीय पुरुष टीम द्वारा अपनाए गए ‘नो-हैंडशेक’ का प्रोटोकॉल जारी रहा। इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से विजेता ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article