3 मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम त्रिनिदाद में खेला जाएगा। बारबडोस में खेले गए दोनों मुकाबले लो- स्कोर वाले रहे थे ऐसे में तीसरे मुकाबले में एक बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है। दूसरे मुकाबले में विराट कोहली और रोहित की जोड़ी नहीं उतरी थी ऐसे में तीसरे मुकाबले में भी इनके न खेलने की संभावना ज्यादा है।
दूसरे वनडे में जिस तरह से वेस्टइंडीज की टीम खेली थी और 2019 के बाद वनडे में भारत के खिलाफ जीत दर्ज की थी। उसको देखते हुए तीसरा वनडे भारत के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। इस निर्णायक मुकाबले में 5 खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजर होगी।
इशान किशन- अब तक हुए दो लो स्कोर वाले मैच में भारत की तरफ से एकमात्र बल्लेबाज इशान किशन ने बैक टू बैक अर्धशतक जड़े हैं और ऐसे में तीसरे मुकाबले में भी उनसे एक ऐसी ही दमदार पारी की उम्मीद होगी। किशन दो मैच में 107 रन बनाकर सीरीज में रन बनाने के मामले में टॉप पर है।
शुभमन गिल- साल 2023, शुभमन गिल के लिए शानदार रहा है। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज में अब तक उनका बल्ला खामोश रहा है। गिल के लिए निर्णायक मुकाबला एक अच्छा मौका है। गिल अब तक हुए दो मैच में केवल 41 रन बना लिए हैं।
शिमरन हेटमायर- दो साल बाद वनडे में वापसी कर रहे शिमरन हेटमायर ने अभी तक अपनी प्रतिभा के अनुसार नहीं खेला है। उनके लिए इससे अच्छा मौका नहीं हो सकता है कि वह अपने फॉर्म को वापस पा लें। भारतीय गेंदबाजों को इस बल्लेबाज से सावधान रहना होगा।
कुलदीप यादव- इस वनडे सीरीज में भारत की ओर से कुलदीप यादव शानदार फॉर्म में हैं। वह सर्वाधिक 5 विकेट लेकर टॉप पर बने हुए हैं। पहले मुकाबले में उन्होंने 4 विकेट झटके थे।
शाई होप- रन बनाने के मामले में इशान के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप दूसरे नंबर पर हैं। होप के नाबाद 63 रन की दमदार पारी की बदौलत ही वेस्टइंडीज ने दूसरा मुकाबला 4 विकेट से जीतकर सीरीज में बराबरी की थी। होप पहले वनडे मैच में भी वेस्टइंडीज की ओर से टॉप स्कोरर रहे थे।
1 अगस्त को होने वाले इस निर्णायक मुकाबले में जीत किसी भी टीम की हो, लेकिन इतना तय है कि मैच में इन 5 खिलाड़ियों की धमक देखने को जरूर मिलेगी।
