क्रिकेट

IND vs NZ 2nd Test: पहले दिन टीम के प्रदर्शन से नाखुश टॉम ब्लंडेल, बताया दूसरे दिन क्या होगा कीवी टीम का लक्ष्य

टॉम ब्लंडेल ने भारत के खिलाफ दूसर टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बताया कि दूसरे दिन क्या होगा न्यूजीलैंड का लक्ष्य?

Image

टॉम ब्लंडेल (फोटो क्रेडिट BLACKCAPS X)

क्राइस्टचर्च: न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने कहा कि भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन पांच विकेट पर 246 रन बनाने से वह खुश हैं और अब उनके लिए सबसे बड़ा काम इस चुनौतीपूर्ण पिच पर 300 रन का आंकड़ा पार करना है। ब्लंडेल ने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,शुरू में पिच थोड़ा धीमी थी लेकिन गेंद पूरे दिन काफी तेजी से अंदर आती रही। हमने पहले दिन जो स्कोर बनाया उससे हम खुश हैं।'

300 रन का स्कोर होगा आदर्श

भारत की तरफ से आकाशदीप सबसे प्रभावशाली गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट लिए जबकि जसप्रीत बुमराह ने कसी गेंदबाजी की। ब्लंडेल ने कहा कि वह और ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा,'अगर हम कल की बात करें तो मेरे और ग्लेन के सामने बड़ा काम स्कोर को 300 रन के पार पहुंचाना होगा। यह आंकड़ा आदर्श होगा। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने पूरे दिन काफी अच्छी गेंदबाजी की। उनकी स्विंग होती गेंद का सामना करना काफी मुश्किल था, लेकिन मुझे लगता है कि उन सभी ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की।'

एक फॉर्मेट का खिलाड़ी होना है मुश्किल

अपने करियर के बारे में ब्लंडेल ने कहा कि एक ही प्रारूप का खिलाड़ी होना थोड़ा मुश्किल है। उन्होंने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2024 में खेला था और 2023 के बाद से उन्होंने कोई वनडे मैच नहीं खेला है। उन्होंने कहा,'मैं अगर पिछले सत्र के अपने प्रदर्शन पर गौर करूं तो घरेलू क्रिकेट में सभी प्रारूप में शायद यह मेरा सबसे अच्छा सत्र रहा था। कई बार मुझे एक ही प्रारूप का क्रिकेटर बनकर अच्छा नहीं लगता क्योंकि ऐसा भी समय आता है जब आप तीन-चार महीने तक टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलते और फिर अचानक आपको भारत में टेस्ट मैच खेलना पड़ता है।'

50 टेस्ट खेलना है गर्व की बात

ब्लंडेल ने कहा, 'इसलिए कभी-कभी यह काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन मुझे लगता है कि मेरा खेल अभी काफी अच्छी स्थिति में है। आज क्रीज पर समय बिताकर और लय हासिल करके अच्छा लगा।' जब ब्लंडेल से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी सोचा था कि वह न्यूजीलैंड के लिए 50 टेस्ट मैच खेलेंगे, उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास था कि मैं न्यूजीलैंड के लिए खेलूंगा। शायद एक मैच ही खेलूं, लेकिन 50 मैच खेलना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। वैसे मैं आंकड़ों में बिल्कुल भी विश्वास नहीं रखता।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article