देश

कल होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक से सुप्रिया सुले ने बनाई दूरी, बताई ये वजह

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को होने वाला अपना दिल्ली दौरा टाल दिया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि वह संसद की विशेष बैठक में विपक्ष की रणनीति पर चर्चा के लिए शनिवार को बुलाई गई ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में शामिल नहीं होंगी

Image

सुप्रिया सुले ने विपक्ष की बैठक से बनाई दूरी।

महाराष्ट्र के बारामती से सांसद और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले कल होने वाली विपक्षी INDIA ब्लॉक की अहम बैठक में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने इसकी वजह शरद पवार की खराब तबीयत को बताया है। शरद पवार फिलहाल मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। सुप्रिया सुले ने कहा है कि शनिवार को वे मुंबई में ही रहेंगी और सोमवार सुबह संसद के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगी। गौरतलब है कि विपक्षी गठबंधन की ये बैठक तब हो रही है जब केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र आहूत किया है। इस सत्र में सरकार महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को पेश करने की तैयारी में है।

सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिता की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह शनिवार को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी।

गुरुवार को अस्पताल में भर्ती हुए थे शरद पवार

NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को गुरुवार को डिहाइड्रेशन के कारण दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत को देखते हुए सुप्रिया सुले ने मुंबई में ही रुकने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगी और संसद के विशेष सत्र में हिस्सा लेंगी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है।

सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी ऐसे समय में रहेगी, जब विपक्षी दल संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार के संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होगी बैठक

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार सुबह 11:30 बजे अपने आवास पर विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है। इसमें INDIA ब्लॉक के अलावा डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल जैसे गैर-INDIA दलों को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक में सरकार की ओर से महिला आरक्षण के जल्द क्रियान्वयन के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को दोबारा पेश किए जाने की संभावना पर चर्चा होगी।

NCP (SP)सांसदों के लिए व्हिप जारी

इस बीच NCP (SP) ने शुक्रवार को लोकसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। व्हिप ऐसे समय जारी किया गया है, जब चर्चा है कि पार्टी परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार का समर्थन कर सकती है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा है कि पार्टी किसी भी विधेयक पर अपना रुख तय करने से पहले उसके मसौदे का अध्ययन करेगी।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article