क्रिकेट

18 मई सुर्खियां खेल की: अपने घर पर RCB से भिड़ेगी सनराइजर्स हैदराबाद, श्रीलंकाई क्रिकेटर को राहत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 18, 2023, 05:42 PM IST

18 मई सुर्खियां खेल की: गुरुवार खेल की सुर्खियों की बात करें तो आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाना है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए आरसीबी को हर हाल में जीत की दरकार है जबकि हैदराबाद पहले ही रेस से बाहर हो चुकी है।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स, फाफ डुप्लेसी और धनुष्का गुणतिलाका (साभार-IPL/BCCI)

18 मई सुर्खियां खेल की में आईपीएल के 65वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। आरसीबी के लिए यह मैच करो या मरो वाला है। श्रीलंका के बल्लेबाज धनुष्का गुणतिलाका को सिडनी कोर्ट से राहत मिली है। अपने आखिरी लीग मुकाबले में नई जर्सी के साथ उतरेगी लखनऊ और टेनिस में चोट के कारण फ्रेंच ओपन से बाहर हुए निक किर्गियोस।

हैदराबाद और बैंगलोर आमने-सामने

आईपीएल के 65वें मुकाबले में राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आरसीबी से भिडे़गी। हैदराबाद प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर निकल चुकी है जबकि रेस में बने रहने के लिए आरसीबी को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। फिलहाल टीम 12 अंकों के साथ 5वें नंबर पर है।

धनुष्का गुणतिलाका को मिली राहत

श्रीलंका के क्रिकेटर धनुष्का गुणतिलाका पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के चार में से तीन आरोपों को गुरुवार को सिडनी कोर्ट में वापस ले लिया गया। गुणतिलाका पर पिछले साल एक महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया था।

नई जर्सी में उतरेगी लखनऊ सुपर जायंट्स

लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपने आखिरी लीग मुकाबले में नई जर्सी में उतरेगी। शनिवार को आईपीएल मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैदान पर टीम की जर्सी, दिग्गज फुटबॉल क्लब मोहन बागान की लाल और हरे रंग की होगी। आपको बता दें कि मोहन बागान टीम में संजीव गोयनका समूह की हिस्सेदारी है।

फ्रेंच ओपन से बाहर हुए किर्गियोस

निक किर्गियोस ने पैर की चोट के कारण फ्रेंच ओपन से नाम वापस ले लिया। उन्हें यह चोट तब लगी थी जब एक व्यक्ति ने बंदूक की नोंक पर कथित तौर पर उनकी मां को धमकाया और उनकी कार चुरा ली। वह अक्टूबर के बाद से कोई टूर्नामेंट नहीं खेल पाए हैं।

तीरंदाजी विश्वकप में भारत को निराशा

भारत की पुरुष रिकर्व टीम गुरुवार को यहां क्वार्टर फाइनल में कोरिया से हारकर तीरंदाजी विश्वकप से बाहर हो गई।

भारत के धीरज बोम्मादेवरा, अतनु दास और नीरज चौहान की तिकड़ी को ली वू सोक, किम जे देओक और किम वूजिन की शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरियाई टीम के हाथों 0-6 (54-55, 56-57, 54-59) से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

महिला टीम की बात करें तो सिमरनजीत कौर, अवनीत कौर और अंकिता भकत की भारतीय महिला टीम ने पहले दौर में ही निराशाजनक प्रदर्शन किया और वह अपने से कम रैंकिंग वाली इंडोनेशिया की टीम से 1-5 (54-57, 57-57, 50-52) से हार गई।

(भाषा इनपुट के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article