क्रिकेट

IND vs ENG Test Series: टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे के कार्यक्रम में हुआ बड़ा बदलाव, खेलेगी इतने अभ्यास मैच

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया की करारी हार के बाद बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले तीन अभ्यास मैच दौरे के कार्यक्रम में जोड़े हैं।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करारी हार से आहत भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों से पहले ब्रिटेन में चार दिन के तीन मैच आयोजित करने का फैसला किया है ताकि खिलाड़ियों को लाल गेंद के क्रिकेट का अनुभव लेने का मौका मिल सके।

इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ खेलेगी तीन अभ्यास मैच

इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ मुकाबलों की तारीख और स्थान अभी तय नहीं हुए हैं लेकिन ये इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 25 मई को होने वाले फाइनल के बाद ब्रिटेन में होंगे। टेस्ट दौरे की शुरुआत 20 जून से लीड्स में पहले टेस्ट से होगी। बोर्ड का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ भारत की संभावनाओं के लिए तैयारी के मद्देनजर अभ्यास श्रृंखला जरूरी है क्योंकि टीम घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड टीम से 0-3 और ऑस्ट्रेलिया से 1-3 से हार गई थी।

खिलाड़ियों को मिलेगी हालात से समझौता करने में मदद

बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया,'बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले हमने ऑस्ट्रेलिया का ऐसा ही ‘ए’ दौरा किया था। इन मैचों से खिलाड़ियों को इंग्लैंड के हालात से सामंजस्य बिठाने में मदद मिलेगी और साथ ही उन्हें कुछ समय बाद लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का मौका भी मिलेगा।'

रणजी मैचों की तैयारी में जुटे हैं टीम इंडिया के खिलाड़ी

ऋषभ पंत, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल जैसे कुछ प्रमुख भारतीय खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी मैचों की तैयारी कर रहे हैं जो 23 जनवरी से फिर से शुरू हो रहे हैं। हालांकि इनमें से कुछ रणजी ट्रॉफी के बचे दो दौर में से केवल एक दौर में ही खेल पाएंगे क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ सफेद गेंद की श्रृंखला 22 जनवरी को कोलकाता में शुरू होगी।

रेड बॉल से तैयारी के लिए नहीं है पर्याप्त वक्त

रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के ऑस्ट्रेलिया में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब घरेलू क्रिकेट में स्टार भारतीय बल्लेबाजों की उपस्थिति पर ध्यान लगा हुआ है। सूत्र ने कहा,'हमारे पास अब बहुत ज्यादा लाल गेंद के मैच नहीं हैं क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के तुरंत बाद आईपीएल शुरू हो जाएगा। उचित तैयारी के बिना टीम को किसी महत्वपूर्ण श्रृंखला में भेजना समझदारी नहीं है क्योंकि इंग्लैंड आम तौर पर बल्लेबाजों के लिए मुश्किल जगह है।'

पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला से पहले सरफराज खान, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे कुछ युवा भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। ये सभी इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखलाओं में खेले।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article