स्मृति मंधाना ने बताया, WPL के रास्ते कौन सा सपना पूरा करना चाहती है टीम इंडिया
- Edited by: नवीन चौहान
- Updated Jan 8, 2026, 11:46 PM IST
स्मृति मंधाना ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के आगाज से पहले बताया है कि इस लीग के जरिए टीम इंडिया कौन सा सपना पूरा करना चाहती है। उनकी बात पर हरमप्रीत ने भी सहमति जताई है।
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर (फोटो क्रेडिट WPL X)
नवी मुंबई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तान स्मृति मंधाना ने गुरुवार को कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम का लक्ष्य सभी प्रारूपों में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना है और महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) इसमें अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भारत की पहली वनडे विश्व कप में भी डब्ल्यूपीएल का अहम योगदान रहा।
मुंबई और आरसीबी की भिड़ंत से होगा डब्लूपीएल का आगाज
मंधाना की अगुवाई वाली आरसीबी शुक्रवार को शुक्रवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में डब्ल्यूपीएल के शुरुआती मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी जिसकी अगुआई भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर कर रही हैं। यह मैच उसी मैदान पर है जहां राष्ट्रीय टीम ने नवंबर में अपना पहला वैश्विक खिताब जीतकर इतिहास रचा था। हरमनप्रीत के साथ मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में मंधाना ने कहा,'टी20 विश्व कप जीतना शानदार होगा। हमने एकदिवसीय विश्व कप जरूर जीता है, लेकिन टीम में अब भी कई ऐसे पहलू हैं जिन पर हमें काम करने की जरूरत है। हम सही में यह कहना चाहते हैं कि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं। अभी हमें काफी सुधार करना है और मुझे पूरा भरोसा है कि डब्ल्यूपीएल इस अंतर को पाटने में हमारी मदद करेगा।'
हर प्रारूप में दबदबा बनाना चाहती है टीम इंडिया
मंधाना ने कहा कि भारतीय टीम सभी प्रारूपों में दबदबा बनाना चाहती है और इसमें डब्ल्यूपीएल अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा,'जब भी हम भारत के लिए खेलते हैं तो हमेशा इस बात पर चर्चा करते हैं कि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना चाहते हैं। सिर्फ एक-दो टूर्नामेंट के लिए नहीं, बल्कि पूरे साल के लिए। हर डब्ल्यूपीएल हमें उस लक्ष्य के और करीब ले जा रहा है।'
हम सिर्फ एक विश्वकप जीतकर संतुष्ट नहीं हैं: हरमनप्रीत
हरमनप्रीत ने कहा कि उन्हें खुशी है कि भारतीय टीम अब बड़े लक्ष्य तय करने लगी है। उन्होंने कहा,'हम सिर्फ एक विश्व कप जीतकर संतुष्ट नहीं हैं। हमें अभी बहुत क्रिकेट खेलना है और जब भी हम मैदान पर उतरते हैं तो जीत की मानसिकता के साथ उतरना चाहते हैं। यह अच्छा है कि सिर्फ हम ही नहीं बल्कि नई खिलाड़ी भी अब यह बात कर रही हैं कि हम हर बार चैंपियन बनना चाहते हैं। इससे साफ पता चलता है कि डब्ल्यूपीएल का हम पर कितना असर पड़ा है। खिलाड़ी अब ‘कम्फर्ट जोन’ में नहीं हैं बल्कि बहुत मेहनत कर रही हैं और वह अंतर अब नहीं रहा जो पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आते समय महसूस होता था।'
टी20 विश्व कप के लिए खुल सकते हैं WPL से दरवाजे
इंग्लैंड में जून-जुलाई में होने वाले महिला टी20 विश्व कप को लेकर मंधाना ने कहा कि डब्ल्यूपीएल में अच्छा प्रदर्शन भारतीय टीम में चयन का रास्ता भी खोल सकता है। उन्होंने कहा,'अगर किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का सत्र शानदार रहता है तो मुझे भरोसा है कि टी20 विश्व कप टीम में भी उसके लिए जगह बन सकती है। हरमनप्रीत भी इससे सहमत होंगी। हालांकि यह इस पर निर्भर करेगा कि खिलाड़ी टीम में कहां फिट बैठता है। दरवाजे कभी बंद नहीं होते और अगर डब्ल्यूपीएल अच्छा रहा है तो आपके पास हमेशा मौका है, विशेषकर जब टी20 विश्व कप नजदीक हो।'
पहले से बता था पैरी नहीं होंगी उपलब्ध
मंधाना ने बताया कि आरसीबी को नीलामी से पहले ही पता था कि ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी एलिस पैरी इस डब्ल्यूपीएल में उपलब्ध नहीं होंगी। उन्होंने कहा,'हमें नीलामी से पहले ही जानकारी थी। हमने उनसे बात की थी और उन्होंने खुद के लिए थोड़ा ब्रेक चाहा था, इसलिए हमारी नीलामी रणनीति भी उसी के अनुसार थी।'
(भाषा)