भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैच की सीरीज का आगाज 12 जुलाई से हो रहा है। इसके साथ ही टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिफ 2023-25 की शुरुआत हो जाएगी। यही वजह है कि दोनों टीम एक दूसरे को किसी भी तरह की ढील देने के बारे में सोच रही है। नतीजा दोनों टीम के खिलाड़ी मैदान में जमकर पसीना बहा रहे हैं। बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें खिलाड़ी अपने रिफ्लेक्सेस को ठीक करने के लिए खास तरह की एक्सरसाइज करते नजर आ रही है। टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए सत्र की जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी।
BCCI ने शेयर किया वीडियो
बीसीसीआई ने टीम इंडिया के प्रैक्टिस का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें सभी खिलाड़ी अपने रिफ्लेक्सेस को ठीक करने के लिए एक खास तरह की तैयारी कर रही है। इस वीडियो में विराट कोहली, शुभमन गिल, रविचंद्रन अश्विन, केएस भरत और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। ईशान किशन को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है और सब कुछ ठीक रहा तो वह रेड बॉल क्रिकेट में डेब्यू भी कर सकते हैं।
इन खिलाड़ियों पर होगी नजर
डोमिनिका में होने वाले पहले टेस्ट मैच की बात करें तो टीम इंडिया 12 साल के लंबे अंतराल के बाद इस मैदान पर उतरेगी। इससे पहले वह साल 2011 में यहां टेस्ट खेली थी, जो ड्रॉ रहा था। उस वक्त राहुल द्रविड़ और विराट कोहली बतौर खिलाड़ी खेल रहे थे। लेकिन इस बार टीम इंडिया में युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और मुकेश कुमार जैसे खिलाड़ियों के लिए यह दौरा खुद को साबित करने का एक बेहतरीन मौका है। यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल और घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था।
