भारत ने बारिश से बाधित मैच में डकवर्थ लुईस नियम से नेपाल को हरा दिया। भारत के सामने 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य था जिसे उसने बिना किसी नुकसान के 20.1 ओवर में हासिल कर लिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 74 रन की पारी खेली, जबकि शुभमन गिल ने 62 गेंद में 67 रन बनाए। यह दूसरा मौका है जब टीम इंडिया ने एशिया कप में 10 विकेट से जीत दर्ज की।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने 48.2 ओवर में 230 रन बनाए। नेपाल की ओर से सर्वाधिक 58 रन की पारी विकेटकीपर बल्लेबाज आसिफ शेख ने खेली। उन्होंने कुसल भुर्टेल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। आसिफ के अलावा सोमपाल ने 56 गेंद पर 48 रन की पारी खेली। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 3 और मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट चटकाए।
टीम इंडिया को मिला संशोधित लक्ष्य
टीम इंडिया को जीत के लिए 231 रन की दरकार थी, लेकिन जब टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 17 रन बना लिए थे, तभी बारिश के कारण खेल रोक देना पड़ा। लगातार हो रही बारिश के कारण टीम इंडिया को डकवर्थ लुईस के तहत 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उन्होंने आसानी से बिना कोई विकेट गंवाए 20.1 ओवर में हासिल कर लिया।
भारत ने बनाई सुपर फोर में जगह
भारत ने इस जीत के साथ एशिया कप 2023 के सुपर फोर में जगह बना ली। प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो टीम इंडिया और पाकिस्तान के 3-3 प्वाइंट हैं और दोनों सुपर फोर में जगह बना चुकी है। वहीं ग्रुप बी में अब भी स्थिति साफ नहीं है।
