India vs England Playing XI: भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज (20 जून से शुरू) में कुलदीप यादव को लगातार खेलने की सलाह दी है। यह सुझाव कुछ हैरान करने वाला है, क्योंकि भारत आमतौर पर इंग्लैंड की पिचों पर केवल एक ही स्पिनर खेलता है। लेकिन अश्विन का मानना है कि जीत के लिए सबसे मजबूत गेंदबाजी इकाई चुननी चाहिए और उनके हिसाब से कुलदीप उसमें शामिल होने चाहिए।
अश्विन ने रेवस्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि "जब बल्लेबाज फॉर्म में हों, तो मैच जीतने के लिए सबसे अच्छी गेंदबाजी इकाई की जरूरत होती है। अगर पिच पर नमी नहीं है, तो मेरे हिसाब से कुलदीप यादव टीम में पक्के होने चाहिए। और अगर नमी है, तब भी कुलदीप को खेलना चाहिए।"भारत ने 2021 की इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में केवल रविंद्र जडेजा को स्पिनर के तौर पर खेला था, जबकि अश्विन जैसे अनुभवी गेंदबाज को बाहर बैठना पड़ा था। लेकिन इस बार टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव हो सकता है।
कुलदीप का शानदार रिकॉर्ड
कुलदीप यादव ने टेस्ट क्रिकेट में कम मौके मिलने के बावजूद लगातार विकेट लिए हैं। हैरानी की बात यह है कि वह सिर्फ एक ही टेस्ट में बिना विकेट लिए रहे – 2018 में लॉर्ड्स में, जो इंग्लैंड के खिलाफ ही था।
भारत की गेंदबाजी दमदार -अश्विन
अश्विन ने भारतीय गेंदबाजी इकाई की तारीफ करते हुए कहा कि "जसप्रीत बुमराह नंबर 1 होने चाहिए, साथ ही रविंद्र जडेजा, जो नियंत्रण रखते हैं और टॉप-6 में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। यह गेंदबाजी इकाई किसी भी पिच पर किसी भी बल्लेबाजी लाइनअप को आउट कर सकती है। मोहम्मद सिराज को भी नहीं भूलना चाहिए, जो एक योद्धा की तरह गेंदबाजी करते हैं।"
इंट्रा-स्क्वाड मैच में राहुल-गिल ने जमाया धमाल
भारतीय टीम की तैयारियां जोरों पर हैं। इंट्रा-स्क्वाड मैच के पहले दिन केएल राहुल और शुबमन गिल ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि शार्दुल ठाकुर ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया।अब कप्तान शुभमन गिल और टीम प्रबंधन के सामने बड़ा फैसला है – क्या कुलदीप यादव को पहले टेस्ट में मौका मिलेगा?
