क्रिकेट

IND vs ENG 4th Test: टीम इंडिया ने शुरू किया अभ्यास, चोटिल हुआ तेज गेंदबाज

लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रन के अंतर से हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम ने मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होने जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट मैच की तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन अभ्यास के दौरान तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह चोटिल हो गए।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

बेकेनहैम: आमतौर पर भीड़ से घिरी रहने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को आराम के माहौल में ट्रेनिंग पसंद है और यह बात मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट से पहले केंट काउंटी क्रिकेट ग्राउंड में अपने एकमात्र अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों के शारीरिक हावभाव से साफ दिखाई दे रही थी। लॉर्ड्स में मिली हार के तीन दिन बाद लंदन से एक घंटे की यात्रा के बाद टीम बस से उतरते समय भारतीय खिलाड़ी थके हुए लग रहे थे लेकिन बेकेनहैम माहौल ने उनका मनोबल तुरंत बढ़ा दिया। ड्रेसिंग रूम में बज रहे विविध संगीत ने खिलाड़ियों को सहज महसूस कराया जिसमें हनुमान चालीसा, अंग्रेजी पॉप से लेकर लोकप्रिय पंजाबी गाने तक शामिल थे। ऊपर ड्रेसिंग रूम से ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी मैदान से ट्रेनिंग सत्र पर नजर रख रहे पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।

पंत और बुमराह ने नहीं किया अभ्यास

जब एक पत्रकार ने दूर से पंत से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने पीछे बज रहे संगीत के साथ ‘कुछ सुनाई नहीं दे रहा है’ कहकर जवाब दिया। तभी बुमराह ने बीच में आकर अपने साथी खिलाड़ी का मजाक उड़ाया। भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ ने कहा ‘आज दुग्गल जी बहरे हैं’ जिसके बाद भारतीय मीडिया ने खूब ठहाके लगाए। यह एक लोकप्रिय हिंदी फिल्म की पंक्ति थी। पंत और बुमराह दोनों ने केवल वार्म-अप किया और जिम में भी कुछ समय बिताया। गौरतलब है कि पंत अंगुली की चोट से उबर रहे हैं लेकिन मैनचेस्टर मैच के लिए उनके पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है। दूसरी ओर काम के बोझ के प्रबंधन के तहत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने भी गेंदबाजी नहीं की। यह देखना होगा कि श्रृंखला के अगले टेस्ट में दोनों में से किसी को आराम दिया जाता है या नहीं।

अर्शदीप सिंह हुए गेंदबाजी के दौरान चोटिल

लोकेश राहुल को छोड़कर टीम के सभी सदस्य बेकेनहैम पहुंच गए हैं। श्रृंखला में अब तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह प्रसिद्ध कृष्णा के साथ गेंदबाजी कर रहे थे जब साई सुदर्शन के बल्ले से आती गेंद को रोकने की कोशिश में उनके गेंदबाजी करने वाले हाथ में चोट लग गई। जब बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने उन्हें नेट में बल्लेबाजी के लिए बुलाया तो कप्तान शुभमन गिल को यह कहते हुए सुना गया कि अर्शदीप हाथ की चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं कर पाएंगे। इसके बाद इस तेज गेंदबाज को अपने बाएं हाथ पर पट्टी बांधकर घूमते देखा गया।

मेडिकल टीम कर रही है चोट का आकलन

बाद में सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने अर्शदीप की चोट पर अपडेट दिया। डोएशे ने कहा,'हां, गेंदबाजी करते हुए उन्हें गेंद लगी थी। साई के शॉट को उन्होंने रोकने की कोशिश की लेकिन यह सिर्फ एक कट है इसलिए हमें देखना होगा कि कट कितना गहरा है। मेडिकल टीम उन्हें डॉक्टर के पास ले गई है और देखना होगा कि उन्हें टांके लगाने पड़ेंगे या नहीं, यह अगले कुछ दिनों की हमारी योजना के लिए अहम होगा।'

मोर्ने मोर्कल को करनी पड़ी नेट्स पर गेंदबाजी

इस घटना के बाद गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल को नेट में गेंदबाजी करनी पड़ी। हालांकि वह जोफ्रा आर्चर जैसी तेज गति से गेंदबाजी नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने बल्लेबाजों को अच्छा अभ्यास कराया। मोर्कल ने कहा,'यह जोफ्रा की तरह अभ्यास कराने वाली मशीन नहीं है (हंसते हुए), लेकिन अर्श के चोट लगने और आकाश के आज गेंदबाजी नहीं करने के कारण वहां जाना पड़ा।' सत्र के हल्के-फुल्के मूड को बनाए रखते हुए मोर्कल ड्रेसिंग रूम में वापस गए और अपने बल्लेबाजों के खिलाफ पांच विकेट लिए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article