क्रिकेट

IPL 2023 Auction: रोहित का तोड़ा रिकॉर्ड, धोनी की टीम ने किया बाहर, अब आईपीएल नीलामी में बटोरेगा करोड़ों, जानिए क्यों

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 15, 2022, 06:10 PM IST

Who is N Jagadeesan, Prospects of IPL 2023 Auction: आईपीएल 2023 की नीलामी अब करीब है और कई नए-पुराने सितारे एक बार फिर पैसों की इस बारिश में कुछ अपने नाम करना चाहेंगे। इन्हीं में से एक खिलाड़ी हैं तमिलनाडु के एन जगदीशन जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में कुछ ऐसा कर दिखाया है जिसने सबको दंग कर दिया।

Image

एन जगदीशन और धोनी

Photo : Twitter

क्रिकेट फैंस का लोकप्रिय टूर्नामेंट आईपीएल (IPL) का अगला सीजन (IPL 2023) में अभी कुछ महीने बचे हैं, लेकिन उससे पहले बारी है आईपीएल 2023 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी की (IPL 2023 Auction)। इस बार की नीलामी एक छोटी नीलामी होगी। यहां कम खिलाड़ियों की नीलामी लगेगी लेकिन इसमें कुछ ऐसे बड़े और छोटे नाम मौजूद रहेंगे जो फैंस को भी चौंका सकते हैं और जिस टीम में ये जाएंगे, उस टीम को मजबूत बनाने का काम करेंगे। ऐसे ही एक खिलाड़ी की आज हम बात करने जा रहे हैं, जिसको रिलीज करके एम एस धोनी (MS Dhoni) की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने खुद से अलग करके बड़ा जोखिम उठाया है। ये हैं एन जगदीशन (N Jagadeesan)।

नारायन जगदीशन उन खिलाड़ियों में हैं जिन्होंने हाल में घरेलू क्रिकेट में जमकर तहलका मचाया है। चाहे वो प्रथम श्रेणी क्रिकेट हो या फिर सीमित ओवर क्रिकेट, तमिलनाडु के इस बल्लेबाज का बल्ला ऐसे गरज रहा है मानो ये उनके क्रिकेट करियर का स्वर्णिम काल है। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2023 की नीलामी से पहले जगदीशन को रिलीज तो कर दिया लेकिन अब इस खिलाड़ी के तेवर देखकर वे भी अफसोस कर रहे होंगे। आइए जानते हैं कि कौन हैं एन जगदीशन और इन दिनों क्यों है उनकी इतनी चर्चा।

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा

हाल में एन जगदीशन ने भारत के प्रतिष्ठित 50 ओवर टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी (लिस्ट-ए क्रिकेट) में ऐतिहासिक पारी खेलकर सबको दंग कर दिया था। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 50 ओवर मैच में तमिलनाडु के लिए 141 गेंदों में 277 रनों की ऐतिहासिक पारी खेल डाली थी। उन्होंने ना सिर्फ रोहित शर्मा द्वारा खेली गई 264 रनों की वनडे पारी को पीछे छोड़ा, बल्कि ये पारी विश्व क्रिकेट इतिहास में भी लिस्ट-ए क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी साबित हुई।

पिछली 8 पारियों में 6 शतक

एन जगदीशन ने इसी हफ्ते बुधवार को रणजी ट्रॉफी में भी शानदार शतकीय पारी खेल डाली। जगदीशन ने हैदराबाद के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में 97 गेंदों में 116 रनों की शानदार पारी खेली। इसको मिलाकर अपनी पिछली 8 घरेलू क्रिकेट पारियों में वो 6 शतक जड़ चुके हैं, ये हैं आंकड़े..

1. आंध्र प्रदेश के खिलाफ (लिस्ट-ए) - नाबाद 114 रन

2. छत्तीसगढ़ के खिलाफ (लिस्ट-ए) - 107 रन

3. गोवा के खिलाफ (लिस्ट-ए) - 168 रन

4. हरियाणा के खिलाफ (लिस्ट-ए) - 128 रन

5. अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ (लिस्ट-ए) - 277 रन

6. केरल के खिलाफ (लिस्ट-ए) - नाबाद 23 रन

7. सौराष्ट्र के खिलाफ (लिस्ट-ए) - 8 रन

8. हैदराबाद के खिलाफ (प्रथम श्रेणी क्रिकेट) - 116 रन

आईपीएल नीलामी में उनको जो टीम खरीदेगी उसको एक फायदा और मिल सकता है, और वो हैं उनके विकेटकीपर होने का। जगदीशन एक शानदार विकेटकीपर हैं और बड़ी टीमें इस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करने के लिए पैसों की बारिश कर सकती हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article