पर्थ: दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुगी नगिडी ने रविवार को भारत के खिलाफ पर्थ की तेज पिच पर कहर परपाते हुए भारत के टॉप ऑर्डर को झखझोर कर रख दिया। इस खराब शुरुआत से टीम इंडिया को उबरने में वक्त लग गया और वो 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 133 रन बना सकी।
पहले ही ओवर में किया रोहित और राहुल का शिकार
पांचवें ओवर में गेंदबाजी करने आए नगिडी ने अपने पहले ही ओवर में हिटमैन रोहित शर्मा और केएल राहुल को चलता कर दिया। भारतीय टीम का स्कोर अचानक से 5 ओवर में 26 रन पर 2 विकेट हो गया। रोहित फॉलो थ्रू में नगिडी के हाथों लपके गए। इसके दो गेंद बाद केएल राहुल का कैच एडेन मार्करम ने स्लिप में लपक लिया।
विराट को भी सस्ते में किया चलता
नगिडी की कहर परपाती गेंदबाजी यहीं नहीं रुकी। अपने दूसरे ओवर में उन्होंने फॉर्म में चल रहे विराट कोहली को भी डीप फाइन लेग पर कगिसो रबाडा के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। अपने स्पेल के तीसरे ओवर में नगिडी ने हार्दिक पांड्या को भी आउट कर दिया। रबाडा ने इस विकेट में शानदार कैच लेकर अहम भूमिका निभाई।
पहले स्पेल में 17 रन देकर चटकाए 4 विकेट
नगिडी ने अपने तीन ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए और टीम इंडिया को 49 रन पर 5 विकेट पर धकेल दिया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर टीम इंडिया को संभाला और अंत में 133 रन के स्कोर तक पहुंचाया। नगिडी के पास पांच विकेट चटकाने का शानदार मौका था लेकिन वो अपने आखिरी ओवर में ऐसा नहीं कर पाए।
