क्रिकेट

T20 World Cup 2024 Final: हिटमैन रोहित शर्मा का आईसीसी इवेंट के फाइनल में फ्लॉप-शो रहा जारी

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा टी20 विश्व कप 2024 में टीम इंडिया के सबसे सफल बल्लेबाज रहे लेकिन आईसीसी स्पर्धाओं के फाइनल में उनके बल्ले की नाकामी का 17 साल से चल रहा सिलसिला बदस्तूर बारबाडोस में भी द. अफ्रीका के खिलाफ जारी रहा।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

बारबाडोस: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर आईसीसी इवेंट के फाइनल में अपने बल्ले का जादू दिखाने में नाकाम रहा। मौजूदा विश्व कप में टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले रोहित का बल्ला खिताबी मुकाबले में नहीं चला। रोहित 9(5) रन बनाकर केशव महाराज की गेंद पर शॉर्ट लेग पर हेनरिक क्वासेन के हाथों लपके गए।

रोहित का फ्लॉप शो रहा जारी

साल 2007 से 2024 के बीच रोहित रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में शिरकत कर रहे थे। उनके पास करियर पर लगे बदनुमा दाग को मिटाने का शानदार मौका था लेकिन वो ऐसा करने में नाकाम रहे। रोहित करियर में खेले 8 आईसीसी फाइनल की 10 पारियों में 246 रन 27.33 के औसत और 74.54 के स्ट्राइक रेट से बना सके हैं। जिसमें 47 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ये पारी उन्होंने पिछले साल नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में खेली थी। वो आईसीसी इवेंट के फाइनल में विराट एक भी पचासा नहीं जड़ सके।

पहली बार टी20 विश्व कप फाइनल में नहीं छुआ दो अंक का आंकड़ा

तीसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में खेल रहे रोहित शर्मा पहली बार दो अंक के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। साल 2007 में रोहित ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में नाबाद 30 और साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 29 रन की पारी खेली थी।

टी20 विश्व कप 2024 में मचाया धमाल

रोहित शर्मा टी20 विश्व कप 2024 में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 8 मैच की 8 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 257 रन 36.71 के औसत और 156.70 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले हैं जिसमें 92 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान रहे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article