क्रिकेट

T20 World Cup 2024: ऑलराउंडर बनना चाहता है बुमराह का जोड़ीदार, बल्लेबाजी की जमकर कर रहा प्रेक्टिस

Arshdeep Singh: अर्शदीप ने अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में 9 रन देकर चार विकेट लिए और भारत की सात विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत की यह लगातार तीसरी जीत है जिससे उसने अंतिम आठ में अपनी जगह सुरक्षित की। मैन ऑफ द मैच जीतने के बाद उन्होंने बड़ा बयान दिया है।

Image

अर्शदीप सिंह (फोटो- ap)

Arshdeep Singh: भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इन दिनों अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा रहे हैं लेकिन वह इतने से ही संतुष्ट नहीं हैं और निचले क्रम का विश्वसनीय बल्लेबाज बनना चाहते हैं जिसके लिए बल्लेबाजी को विक्रम राठौर के साथ कड़ी मेहनत भी कर रहे हैं।अर्शदीप ने अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में 9 रन देकर चार विकेट लिए और भारत की सात विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत की यह लगातार तीसरी जीत है जिससे उसने अंतिम आठ में अपनी जगह सुरक्षित की। अर्शदीप सिंह का बाकि मैचों में भी कमाल कर चुके हैं।

अर्शदीप ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा -'हम हमेशा कुछ नया सीखने का प्रयास करते हैं। हम सभी विभागों फिर चाहे वह गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी या फिर क्षेत्ररक्षण, में बेहतर बनने का प्रयास करते हैं क्योंकि आप नहीं जानते कि टीम को कब आपसे कुछ रन की जरूरत पड़ जाए।यह दो या चार रन भी हो सकते हैं। इसलिए आपको अपना सर्वश्रेष्ठ देना होता है। जहां तक मेरी बल्लेबाजी का सवाल है तो मैं विक्रम भाई के साथ जितना संभव हो कड़ी मेहनत करने की कोशिश करता हूं।'

पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी से किया था इंप्रेस

अर्शदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ 9 जून को नौवें नंबर के बल्लेबाज के रूप में उतरकर 13 गेंद पर नौ रन की उपयोगी पारी खेली थी। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कहा कि उस मैच में उन्होंने ही जसप्रीत बुमराह से पहले बल्लेबाजी के लिए उतारने का आग्रह किया था।उन्होंने कहा कि 'जस्सी भाई को मुझसे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरना था लेकिन मैं रोहित (शर्मा) से पूछकर पहले गया। वह इससे हैरान थे लेकिन मैंने उनसे कहा कि आप कुछ भी कहो मैं पहले बल्लेबाजी के लिए जाऊंगा। मुझे अपनी बल्लेबाजी पर पूरा विश्वास है। फिर चाहे फील्डिंग हो या गेंदबाजी आप बेहतर बनने की कोशिश करते हैं।'

परिस्थिति के हिसाब से ढलना जरूरी- अर्शदीप

अर्शदीप ने टूर्नामेंट के बारे में कहा कि परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत को ग्रुप ए का अपना अंतिम मैच कनाडा के खिलाफ फ्लोरिडा के लाडरहिल में खेलना है। इसके बाद टीम सुपर 8 के मैच खेलने के लिए वेस्टइंडीज जाएगी।अर्शदीप ने कहा -'सबसे महत्वपूर्ण यह कि आप परिस्थितियों से कैसे तालमेल बिठाते हैं। अगर विकेट से गेंदबाजों को मदद मिल रही हो तो हम शुरू में विकेट लेने की कोशिश करते हैं और अगर हम पहले बल्लेबाजी करते हैं तो अधिक से अधिक रन बनाने का प्रयास करते हैं ताकि गेंदबाजों को बड़े लक्ष्य का बचाव करने को मिले।'

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article