क्रिकेट

T20 World Cup: नीदरलैंड को पटखनी देकर श्रीलंका ने की सुपर-12 राउंड में एंट्री

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 20, 2022, 05:25 PM IST

एशियाई चैंपियन श्रीलंका टी20 विश्व कप में हार के साथ शुरुआत करने के बाद सुपर-12 राउंड में एंट्री करने में सफल रही है। गुरुवार को नीदरलैंड को श्रीलंका ने 16 रन के अंतर से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

Image

Srilanka-vs-Netherlands

जीलॉन्ग (ऑस्ट्रेलिया): कुसल मेंडिस के 79 रन की मदद से एशियाई चैम्पियन श्रीलंका ने नीदरलैंड को 16 रन से हराकर टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण में प्रवेश कर लिया। पहले मैच में नामीबिया से हारी श्रीलंका टीम के लिये मेंडिस ने 44 गेंद में 79 रन की पारी खेली जिसकी मदद से उनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 162 रन बनाये।

स्पिनर्स ने पक्की की श्रीलंका की सुपर-12 की राह

जवाब में ग्रुप ए में नामीबिया और यूएई को हराकर शीर्ष पर काबिज नीदरलैंड की टीम नौ विकेट पर 146 रन ही बना सकी। वानिंदु हसरंगा ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि महीष तीक्ष्णा को दो विकेट मिले।

नीदरलैंड की टीम नहीं हासिल कर पाई 163 का लक्ष्य

नीदरलैंड के लिये सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ-डाउड ने 53 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन बनाये। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिल सका। श्रीलंकाई टीम तीन मैचों में चार अंक लेकर सुपर 12 चरण में पहुंच गई है जबकि डच टीम को यूएई और नामीबिया के बीच होने वाले मैच के नतीजे का इंतजार करना होगा। नामीबिया के जीतने पर डच टीम को बाहर होना पड़ सकता है।
End of Article