सिडनी: टी20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 राउंड का आगाज चिरप्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले के साथ हुआ। कीवी कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान के इस फैसले को युवा बल्लेबाज फिन एलन ने सही साबित किया। ऐलन ने शुरुआती चार ओवरों में ही कंगारू गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए।
16 गेंद में एलन ने जड़े 42 रन
फिन एलन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंद में 42 रन की आतिशी पारी खेली और न्यूजीलैंड को 3.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। एलन ने अपनी आतिशी पारी के दौरान 5 चौके और 3 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट बल्लेबाजी के दौरान 262.50 का रहा। पांचवें ओवर की पहली गेंद पर जोश हेजलवुड ने उन्हें शानदार यॉर्कर पर बोल्ड करके अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया।
मिचेल स्टार्क की जमकर की धुनाई
फिन एलन ने अपने इरादे पारी के पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क के खिलाफ जाहिर कर दिए। उन्होंने पहले ओवर में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 14 रन जड़ दिए। पारी के तीसरे ओवर में एलन का आक्रामक रुख फिर से देखने को मिला और उन्होंने इस बार पैट कमिंस को आड़े हाथों लेते हुए 17 रन जड़ दिए। कमिंस के ओवर में एलन ने 2 चौके और एक छक्के जड़े।
