वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे टीम की घोषणा कर दी गई है। युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और रुतुराज गायकवाड़ को पहली बार टेस्ट क्रिकेट टीम में मौका मिला है, जबकि इस बार भी रणजी में धमाल मचाने वाले सरफराज खान को शामिल नहीं किया गया है। सरफराज को मौका न दिए जाने पर कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल खड़े किए हैं। भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी सरफराज को मौका न दिए जाने पर अपनी नाराजगी जताई है।
सरफराज छोड़ दें रणजी अगर..
सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा 'उन्होंने रणजी क्रिकेट में पिछले तीन सीजन से 100 की औसत से रन बनाए हैं। अब वह अपने सेलेक्शन के लिए और क्या करे। अगर उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में नहीं बनती है तो उन्हें टीम में तो लिया ही जा सकता है। उनसे बोलो कि उनका परफॉर्मेंस देखा जा रहा है नहीं तो रणजी खेलना छोड़ दे क्योंकि इसका कोई मतलब नहीं है। उन्हें आईपीएल खेलने दो और कहो कि रेड बॉल के लिए काफी है।
शानदार रहा है पिछला 3 सीजन
सरफराज खान की बात करें तो रणजी ट्रॉफी का पिछला तीन सीजन उनके लिए शानदार रहा है। उन्होंने पिछले सीजन की 6 मैच में 92 की औसत से 556 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 2021-22 सीजन में 122 की औसत से 982 और 2019-20 में 154 की औसत से 928 रन बनाए हैं।
