क्रिकेट

सुनील गावस्कर ने उठाए रविचंद्रन अश्विन की संन्यास के ऐलान की टाइमिंग पर सवाल

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के बीच अश्विन के अचानक संन्यास का ऐलान करने पर उन्हें आड़े हाथ लिया है। जानिए गावस्कर ने उनके संन्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए क्या कहा?

Image

रविचंद्रन अश्विन और सुनील गावस्कर

ब्रिस्बेन: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने रविचंद्रन अश्विन की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के समय को लेकर आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि यह स्टार ऑफ स्पिनर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला समाप्त होने तक इंतजार कर सकता था क्योंकि भारतीय टीम के पास अगले दो टेस्ट मैच के लिए एक सदस्य कम हो गया है।

धोनी की तरह सीरीज के बीच किया संन्यास का ऐलान

अश्विन ने यहां तीसरा टेस्ट मैच समाप्त होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करके सभी को चौंका दिया। पांच मैच की श्रृंखला अभी 1–1 से बराबर है। गावस्कर ने श्रृंखला के आधिकारिक प्रसारक से कहा,'वह कह सकता था कि देखिए श्रृंखला समाप्त होने के बाद मैं भारतीय टीम में चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहूंगा। इसका क्या मतलब है। महेंद्र सिंह धोनी ने भी इसी तरह से 2014–15 की श्रृंखला के दौरान तीसरे टेस्ट मैच के बाद संन्यास ले लिया था। इससे टीम में एक सदस्य कम हो जाता है।'

सिडनी टेस्ट में भूमिका निभा सकते थे अश्विन

उन्होंने कहा,'चयन समिति ने किसी उद्देश्य से ही इस दौरे के लिए इतने अधिक खिलाड़ियों का चयन किया है। अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है तो वह टीम में शामिल रिजर्व खिलाड़ियों में से किसी का चयन कर सकते हैं।'इस पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि अश्विन सिडनी में होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में अपनी भूमिका निभा सकते थे। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के विकेट से स्पिनरों को मदद मिलती रही है।

वॉशिंगटन सुंदर हैं अश्विन से आगे

गावस्कर ने कहा,'सिडनी ऐसी जगह है जहां स्पिनरों को बहुत अधिक मदद मिलती है। भारत वहां दो स्पिनरों के साथ खेल सकता है। उसे उस मैच के लिए टीम में होना चाहिए था। मैं नहीं जानता कि मेलबर्न की पिच कैसी होगी। अमूमन आपका ध्यान श्रृंखला के आखिरी मैच पर जाता है।' गावस्कर से पूछा गया कि क्या अश्विन की जगह लेने के लिए वॉशिंगटन सुंदर को तैयार किया जा रहा है, उन्होंने कहा,'मुझे लगता है वॉशिंगटन सुंदर उनसे आगे हैं। रोहित (शर्मा) ने बताया कि वह (अश्विन) कल स्वदेश लौट रहे हैं। इसलिए यह अश्विन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में अंत है। वह बेहतरीन क्रिकेटर था।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article