भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री और विराट कोहली के दोस्ती के बारे में तो आप जानते ही होंगे। हाल ही में उन्होंने देसी पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान विराट कोहली की तुलना क्रिस्टियानो रोनाल्डो से की। छेत्री ने इसके पीछे का कारण भी बताया। कोहली कई मौकों पर रोनाल्डो को अपनी प्रेरणा बता चुके हैं, लेकिन इस बार छेत्री ने विराट की तुलना इस दिग्गज फुटबॉलर से करते हुए दोनों को एकसमान बताया। उन्होंने कहा कि दोनों की सोच एकदम समान है।
अच्छा करने की भूख दोनों में एक समान
सुनील छेत्री ने कहा 'मैं व्यक्तिगत तौर पर रोनाल्डो को नहीं जानता, मैंने उन्हें करीब से देखा है, उनका अध्ययन किया है। मैं विराट (कोहली) को जानता हूं। इन दोनों के बारे में एक समान बात यह है कि ये अपनी उपलब्धियों से कभी संतुष्ट नहीं रहते। मैंने भी अपनी तरह से यही सोच अपनाने की कोशिश की, क्योंकि जैसे ही आप उस दायरे में आ जाते हैं जहां आप यह सोचने लगते हैं कि आपने क्या किया है, अच्छा या बुरा- तो आप उसी रास्ते पर नहीं रहते जिस पर आपको होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा 'जो हो गया उस पर बात नहीं करनी चाहिए। नहीं तो आप ही बताइए विराट और रोनाल्डो दोनों कैसे रोज उठते हैं और अपना बेस्ट देने की कोशिश में लग जाते हैं। यह आसान नहीं है। जब आप इतने लंबे समय तक सफल रहे हों, जब आपने इतना कुछ हासिल किया हो, जब आपने लगभग सब कुछ जीत लिया हो, तब भी उठकर वही करना जो वे कर रहे हैं, यह अविश्वसनीय है।
एक्शन में लौटे 40 साल के रोनाल्डो
रिकॉर्ड छठी बार फुटबॉल विश्व कप में खेलने की कवायद में लगे क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर एक्शन में लौट आए हैं। यूरोपीय क्वालीफाइंग में पुर्तगाल ने आर्मेनिया को 5-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत कर दी है। 5 में से दो गोल रोनाल्डो ने किए। इस तरह उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने के अपने रिकार्ड को 140 पर पहुंचा दिया है। विश्व कप अगले साल अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित किया जाएगा और अगर रोनाल्डो इसमें भाग लेते हैं तो यह नया रिकॉर्ड होगा।
वहीं दूसरी तरफ विराट कोहली भी टीम इंडिया में वापसी के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट 7 महीने बाद व्हाइट बॉल सीरीज में वापसी करते नजर आ सकते हैं।
