क्रिकेट

'गंभीर ने उसका आत्मविश्व तोड़ दिया', श्रीकांत ने लिया आड़े हाथ; सूर्यवंशी को बाहर बैठने के फैसले को बताया 'मूर्खतापूर्ण'

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी की चर्चा एकबार फिर तेज हो गई है। वहीं, इंग्लैंड दौरे पर तीन मैच खिलाकर बाहर बैठाने के लिए हेड कोच गौतम गंभीर की खूब आलोचना हो रही। अब इसमें एक नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत का जुड़ गया है। श्रीकांत ने तीन बार फेल होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को टीम से बाहर करने पर गौतम गंभीर की आलोचना की और कहा कि इस कदम से उस युवा बल्लेबाज का कॉन्फिडेंस टूट गया है।

Image

श्रीकांत ने गौतम गंभीर की आलोचना की। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज श्रीकांत ने भारत के हेड कोच गौतम गंभीर पर वैभव सूर्यवंशी को संभालने के तरीके को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि इंग्लैंड के खिलाफ हालिया T20I सीरीज में सिर्फ तीन बार फेल होने के बाद इस युवा ओपनर को टीम से क्यों बाहर कर दिया गया? श्रीकांत की यह आलोचना तब आई जब सूर्यवंशी ने हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के पहले T20I मैच में शानदार प्रदर्शन किया। 15 साल के इस खिलाड़ी ने सिर्फ 18 गेंद में अपना पहला इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया और आखिर में 19 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल थे।

उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 126 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और 40 गेंद बाकी रहते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। यह पारी इसलिए भी खास थी, क्योंकि सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट में सूर्यवंशी की शुरुआत मुश्किल रही थी। इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले तीन मैचों में उन्होंने 14, 13 और 15 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें पांचवें T20I से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, श्रीकांत का मानना है कि भारत ने इस युवा खिलाड़ी को टीम से बाहर करने में बहुत जल्दबाजी की और उन्होंने देश के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में से एक को संभालने के गंभीर के तरीके पर सीधे सवाल उठाए।

'गौतम गंभीर ने उसका आत्मविश्वास तोड़ा'

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल 'चीकी चीका' में कहा, गौतम गंभीर ने उसे बेवकूफी से बाहर कैसे कर दिया? उसके पास आसानी से शॉट खेलने की काबिलियत है, फिर भी उसने एक भी शॉट क्रॉस-बैट से नहीं खेला। यह लड़का वाकई कुछ खास है। गौतम गंभीर ने उसका आत्मविश्वास तोड़ने के लिए, तीन बार फेल होने के बाद, उसे टीम से बाहर कैसे कर दिया?

'वह साबित करना चाहता है'

श्रीकांत ने आगे कहा, मैं वैभव के समर्पण को सलाम करता हूं। इंग्लैंड सीरीज के बाद वह घर नहीं गया, बल्कि सीधे राजस्थान रॉयल्स के कैंप में चला गया। वह शॉर्ट बॉल के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी पर काम कर रहा है। क्योंकि वह पूरी दुनिया को साबित करना चाहता है कि वह खास है।

भारत को मिली पहली जीत

बता दें कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने रेस्ट लिया है। उनकी जगह जिम्बाब्वे दौरे के लिए वीवीएस लक्ष्मण को टीम का हेड कोच बनाया गया है। लक्ष्मण की कोचिंग में भारत ने 7 टी20 मैच के बाद अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया और उनको पहली जीत मिली। शनिवार को टीम इंडिया सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article