क्रिकेट

SL vs AUS 1st Test: ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को पहले टेस्ट में रौंदा, उसे थमाई टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार

श्रीलंका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गॉल में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच चौथे ही दिन अपने टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (साभार Cricket Team)

गॉल (श्रीलंका): ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका को एक सत्र और एक दिन रहते पारी और 242 रन से शिकस्त दी जो मेजबान टीम की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी हार है। श्रीलंकाई टीम फॉलोऑन खेलते हुए अपनी दूसरी पारी में 247 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले उसकी सबसे बड़ी टेस्ट हार 2017 में नागपुर में मिली थी जिसमें भारत ने उसे पारी और 239 रन से शिकस्त दी थी।

ऑस्ट्रेलिया ने 654 रन पर घोषित की थी पारी

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी छह विकेट पर 654 रन के स्कोर पर घोषित की थी जबकि श्रीलंका पहली पारी में 165 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर मैथ्यू कुहेनमैन और नाथन लॉयन ने दोनों पारियों में श्रीलंका की कमजोर बल्लेबाजी को ध्वस्त करते हुए मिलकर 16 विकेट झटके। कुहेनमैन ने पहली पारी में पांच विकेट चटकाए थे, उन्होंने 149 रन देकर नौ विकेट हासिल किए जो टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

लंच से पहले एक सत्र में गंवाए 8 विकेट

श्रीलंका ने लंच से पहले एक सत्र में आठ विकेट गंवाये। उसने लंच और चाय के बीच सात विकेट खो दिए। ऑस्ट्रेलिया ने शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण से अपना दबदबा कायम रखा। दिनेश चंडीमल एकमात्र खिलाड़ी थे जो एक छोर पर डटे थे जिन्होंने 72 रन बनाए जबकि नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले जेफरी वांडरसे ने दूसरी पारी में अर्धशतक बनाया। वांडरसे ने 47 गेंद में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन की तेज पारी खेली जिसने स्पष्ट कर दिया कि पिच में कोई कमी नहीं थी, बस संयम से खेलने की जरूरत थी।

साल 2019 से श्रीलंका नहीं जीत पाई है वॉर्न-मुरली ट्रॉफी

गॉल में बृहस्पतिवार में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले श्रीलंका के अंतिम एकादश में बदलावों की उम्मीद है। कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने वार्न-मुरली ट्रॉफी हासिल करने की बात की जिसे श्रीलंका ने 2019 में गवा दिया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article