क्रिकेट

SL vs UAE, T20 World Cup 2022: मयप्पन की हैट्रिक, लेकिन श्रीलंका ने यूएई को 79 रन से करारी मात दी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 18, 2022, 07:28 PM IST

SL vs UAE match highlights, T20 World Cup 2022: टी20 विश्व कप 2022 में मंगलवार को श्रीलंका और यूएई के बीच खेला गया मैच श्रीलंकाई टीम के पक्ष में रहा जिन्होंने 79 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में यूएई के स्पिनर कार्तिक मयप्पन ने शानदार हैट्रिक लेकर चौंकाया लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

Image

श्रीलंका ने यूएई को मात दी (ICC)

Photo : Twitter

Sri Lanka vs UAE, T20 World Cup 2022, Match Highlights: मंगलवार को श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच टी20 विश्व कप 2022 का ग्रुप मुकाबला खेला गया, जिसमें श्रीलंकाई टीम ने कुछ पलों पर लड़खड़ाने के बावजूद मैच को आसानी से 79 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। इससे पहले नामीबिया के खिलाफ मिली चौंकाने वाली हार से श्रीलंका ने सबक लेते हुए इस बार जीत के साथ अच्छी वापसी की है।

मुकाबले में यूएई ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। श्रीलंका की तरफ से ओपनर पथुम निसंका की 60 गेंद में 74 रन की आक्रामक पारी के दम पर श्रीलंका ने आठ विकेट पर 152 रन बनाने के बाद यूएई की पारी को 17.1 ओवर में 73 रन पर समेट दिया। निसंका ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के जड़े। निसंका के अलावा धनंजय डिसिल्वा (33) और कुशल मेंडिस (18) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके।

श्रीलंका की टीम एक समय दो विकेट पर 92 बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन लेग स्पिनर कार्तिक मयप्पन (19 रन पर तीन विकेट) ने मैच के 15वें ओवर में हैट्रिक लेकर टीम के स्कोर को पांच विकेट पर 117 रन कर दिया। उन्होंने भानुका राजपक्षे (पांच), चरित असलंका (शून्य) और कप्तान दासुन शनाका(शून्य) का विकेट चटकाकर हैट्रिक पूरा की।

एक छोर से विकेटों के पतन के बीच निसंका ने श्रीलंका स्कोरबोर्ड को चलायमान रखा और टीम ने 150 रन के आंकड़े को पार किया। श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुशमंता चमीरा (15 रन पर तीन विकेट) ने शुरुआती ओवरों में मोहम्मद वसीम, आर्यन लकड़ा और कप्तान चुंदंगापॉयल रिजवानी को पवेलियन की राह दिखायी। जिसके बाद टीम दबाव में आ गयी और लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रही। यूएई की पूरी टीम 17.1 ओवर में 73 रन बनाकर आउट हो गयी।

आयान अफजल खान टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने 19 रन बनाये।

चमीरा के अलावा लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने आठ रन पर तीन विकेट और महेश थीक्षाना ने 15 रन पर दो विकेट लिये। श्रीलंका की टीम अगले मैच में गुरुवार को नीदरलैंड का सामना करेगी। टीम को मुख्य चरण में क्वालीफाई करने के लिए यह मुकाबला जीतना होगा।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article