क्रिकेट

SL vs AFG 2nd ODI: श्रीलंका ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को रौंदकर जीती सीरीज, असलंका-हसरंगा चमके

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 11, 2024, 11:33 PM IST

Sri Lanka vs Afghanistan 2nd ODI Match Report: श्रीलंका ने अफगानिस्तान को दूसरे वनडे मुकाबले में रौंदकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

श्रीलंका क्रिकेट टीम( साभार SLC)

Photo : Twitter

पल्लेकेले: श्रीलंका ने अफगानिस्तान को सीरीज के रविवार को पल्लेकेले में खेले गए दूसरे वनडे में 155 रन के अंतर से मात देकर सीरीज में 2-0 के अंतर से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। श्रीलंका ने चरिथ असलंका की 74 गेंद में 97 रन की नाबाद पारी की बदौलत 6 विकेट पर 308 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद वनिंदु हसरंगा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान को 33.5 ओवर में 153 रन पर ढेर करके मैच और सीरीज अपने नाम कर ली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। चौथे ओवर में पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले पथुम निशंका 18 रन बनाकर अजमतउल्लाह ओमरजई की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। इसके बाद अविष्का फर्नांडो 23 गेंद पर 5 रन बनाकर फजलहक फारूका की गेंद पर लपके गए।

कुसल मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा के बीच हुई शतकीय साझेदारी

36 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद कप्तान कुसल मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी करके 139 रन के स्कोर तक पहुंचाया। ऐसे में समरविक्रमा 61 गेंद में 52 रन बनाकर कायस अहमद की गेंद पर कैच लपके गए। साझेदारी के टूटने के कुछ देर बाद कप्तान कुसल मेंडिस भी 61 रन की पारी खेलकर अजमतउल्लाह ओमरजई का दूसरा शिकार बने।

असलंका ने खेली 74 गेंद में 97 रन की आतिशी पारी

147 रन पर 4 विकेट गंवाकर श्रीलंकाई टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में चरिथ असलंका और जनिथ लियानागे की जोड़ी ने पारी को आगे बढ़ाया और 250 रन के पार पहुंचाया। 258 के स्कोर पर लियानागे को नूर अहमद ने कैच कराकर श्रीलंका को पांचवां झटका दिया। लियानागे ने 48 गेंद पर 50 रन की पारी खेली। अंत में असलंका ने 74 गेंद में 97 रन की पारी खेलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। पारी की आखिरी गेंद पर हसरंगा 14 रन बनाकर ओमरजई का शिकार बने। श्रीलंका ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 308 रन का स्कोर खड़ा किया।

खराब शुरुआत से जादरान-रहमत शाह ने उबारा

जीत के लिए 309 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तानी टीम को जल्दी ही पहला झटका रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में लगा। असिता फर्नांडो ने सातवें ओवर की पहली गेंद पर गुरबाज को विकेट के पीछे लपकवा दिया। उन्होंने 8 रन बनाए। पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद इब्राहिम जादरान और रहमत शाह ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके स्कोर को 128 रन तक पहुंचाया। ऐसे में जादरान 76 गेंद में 54 रन बनाकर असिता फर्नांडो का दूसरा शिकार बने। इसके बाद जल्दी ही रहमत शाह भी 69 गेंद में 63 रन बनाकर वनिंदु हसरंगा की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए।

7 रन पर गंवाए अफगानिस्तान ने आखिरी 7 विकेट

जादरान और रहमत शाह के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के विकेटों की झड़ी लग गई। कोई भी बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सका। 7 रन के अंतर पर अफगानिस्तान ने 7 विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 153 रन पर ढेर हो गई। इसी के साथ श्रीलंका ने मैच 155 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। चरिथ असलंका को उनकी 74 गेंद में नाबाद 97 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हसरंगा ने श्रीलंका के लिए सबसे अधिक 4 विकेट लिए। वहीं 2-2 सफलता मधुशंका और असिता फर्नांडो के खाते में गई। एक विकेट प्रमोद मधुसन के खाते में गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article