क्रिकेट

डेवाल्ड ब्रेविस ने दिलाई साउथ अफ्रीका को पहली जीत, जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक

साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को हराकर जीत का खाता खोल लिया। ब्रेविस ने 32 गेंद में 6 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली और अफ्रीका की जीत का खाता खोल दिया।

Image

डेवाल्ड ब्रेविस (साभार-X)

डेवाल्ड ब्रेविस की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने ट्राई सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। नामीबिया के खिलाफ उलटफेर का शिकार हुई साउथ अफ्रीका के सामने जिम्बाब्वे ने 145 रन का लक्ष्य रखा जिसे उसने 13.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। ब्रेविस ने 32 गेंद में 6 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली और अफ्रीका की जीत का खाता खोल दिया। यह ब्रेविस का इस सीरीज में लगातार दूसरा अर्धशतक है। नामीबिया के खिलाफ मैच में भी उन्होंने 75 रन की पारी खेली थी। इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा था। ब्रेविस के अलावा लुहान ड्री-प्रिटोरियस ने 22 और जॉर्डन हर्मन ने 20 रन की पारी खेली।

जिम्बाब्वे ने बनाए 144 रन

इससे पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 34 रन की पारी खेली। उन्होंने बेन करन के साथ पहले विकेट के लिए अपनी टीम को 31 गेंद में 45 रन की अहम शुरुआत दी। उसके बाद जिम्बाब्वे ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए।

एक वक्त 94 रन के स्कोर पर टीम 5 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन उसके बाद छठे विकेट के लिए वेस्ली माधेवेरे और मारुमनी ने 43(23) रन की साझेदारी की। मारूमनी की 13 गेंद में 30 रन की तूफानी पारी के दम पर 144 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से डुआन यान्सेन ने 3 और प्रेनेलन सुब्रायन ने 2 विकेट चटकाए।

टॉप पर पहुंची साउथ अफ्रीका

इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर जगह बना ली है। दो-दो मैच खेल चुकी नामीबिया और साउथ अफ्रीका के 2-2 प्वाइंट्स हैं, लेकिन नेट-रन रेट के मामले में अफ्रीका सबसे ऊपर है, जबकि जिम्बाब्वे को जीत का खाता खोलना है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article