क्रिकेट

IND vs SA: सेंचुरियन में द. अफ्रीका ने भारतीय टीम को पारी के अंतर से रौंदा, फिर टूटा सीरीज जीत का सपना

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 28, 2023, 09:01 PM IST

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को सेंचुरियन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में पारी और 32 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय टीम का दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।

Image

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम

Photo : AP

सेंचुरियन: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे ही दिन पारी और 32 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय बल्लेबाज पहली पारी की ही तरह दूसरी पारी में भी दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की गेंदबाजी का सामना नहीं कर पाए। मेजबान टीम ने 2 मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इसके साथ ही भारतीय टीम का दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने का सपना अधूरा रह गया। मुश्किल पिच पर 185 रन की पारी खेलने वाले डीन एल्गर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

9 भारतीय बल्लेबाज नहीं छू पाए दो अंक का आंकड़ा

पहली पारी में टीम इंडिया ने 245 रन का स्कोर केएल राहुल की शतकीय पारी की बदौलत खड़ा किया था। इसके बाद मेजबान टीम ने डीन एल्गर की 185 रन की शतकीय पारी की बदौलत 408 रन का स्कोर खड़ा किया। 165 रन के पहली पारी में पिछड़ने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम महज 34.1 ओवर में 131 रन बनाकर ढेर हो गई। विराट कोहली 76 और शुभमन गिल 26 रन बना सके। इसके अलावा 9 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सका। 4 तो अपना खाता भी नहीं खोल सके।

विराट के अलावा और कोई नहीं कर पाया अफ्रीकी कहर का सामना

भारतीय टीम के लिए एक छोर विराट कोहली संभाले रहे। विराट ने 82 गेंद में 76 रन बनाए। वो भारत के आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। उनका कगीसो रबाडा ने बाउंड्री पर शानदार डाइविंग कैच लपका। विराट टीम को पारी के अंतर से हार से बचाने की पुरजोर कोशिश कर रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 4 विकेट डेब्यूटेंट आंद्रे बर्गर ने झटके। वहीं तीन विकेट मार्को जानसेन और 2 विकेट कगीसो रबाडा ने झटके। भारतीय टीम शुरुआती झटके बाद अफ्रीकी गेंदबाजों के कहर का सामना नहीं कर पाई और तकरीबन डेढ़ सत्र से भी कम समय में 131 रन पर ढेर हो गई।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article