क्रिकेट

T20 World Cup 2026: दक्षिण अफ्रीका ने किया टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम का ऐलान, इन खिलाड़ियों को दिया मौका

भारत और श्रीलंका की साझा मेजबानी में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। दो साल पहले फाइनल में हार का सामना करने वाली टीम के सात खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है।

Image

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @ProteasMenCSA X)

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका ने आगामी टी20 विश्व कप (भारत और श्रीलंका में आयोजित) के लिए 15 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा की जिसमें विस्फोटक बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स का चयन नहीं किया गया है जबकि एडन मार्करम की अगुआई वाली इस टीम में 2024 चरण के फाइनल में खेलने वाले सात खिलाड़ियों को बरकरार रखा है।

मार्करम के अलावा अनुभवी सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक, तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन, एनरिक नॉर्खिया, आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर और अनुभवी स्पिनर केशव महाराज मौजूदा टीम का हिस्सा हैं जो 2024 के उस फाइनल में खेले थे जिसमें दक्षिण अफ्रीका को रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम से हार का सामना करना पड़ा था।

टीम में शामिल नए चेहरों में युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस, तेज गेंदबाज क्वेना मफाका, ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश, बल्लेबाज टोनी डी जोर्जी, जेसन स्मिथ और डोनोवन फरेरा तथा स्पिनर जॉर्ज लिंडे शामिल हैं। जेसन स्मिथ को घरेलू टी20 चैलेंज के साथ यहां चल रही एसए20 लीग में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप डी में अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूज़ीलैंड और संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत नौ फरवरी को अहमदाबाद में कनाडा के खिलाफ करेगी।

दक्षिण अफ्रीका की टीम:

एडन मारक्रम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टोनी डी जोर्जी, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्किया, कागिसो रबाडा, जेसन स्मिथ।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article