शहर

Odisha: उत्कल यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव से पहले बड़ा बवाल, ABVP और BCJD कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, कैंपस में पुलिस बल तैनात

Odisha News: भुवनेश्वर की उत्कल यूनिवर्सिटी (वाणी विहार) में छात्र संघ चुनाव से पहले ABVP और BCJD कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। भारी पुलिस बल तैनात, छात्रों ने उठाए सवाल।

Image

घटना के बारे में बताते भुवनेश्वर के डीसीपी

Photo : ANI

Odisha News: ओडिशा की उत्कल यूनिवर्सिटी के वाणी विहार परिसर में छात्र संघ चुनाव से ठीक पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और बीजू छात्र जनता दल (BCJD) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और हिंसक टकराव देखने को मिला। इस दौरान परिसरों में कुर्सियां तोड़ी गईं और दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भुवनेश्वर के पुलिस कमिश्नर और डीसीपी सरवना विवेक एम ने व्यक्तिगत रूप से मौके का दौरा किया और कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस प्रशासन का बयान और सुरक्षा प्रबंध

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया। भुवनेश्वर के डीसीपी सरवना विवेक एम ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए कहा कि कैंपस में कुछ तनाव जरूर पैदा हुआ था, लेकिन पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। पुलिस कमिश्नर ने भी व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा लिया है और छात्रों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनावों का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।"

ABVP उम्मीदवार और छात्रों के आरोप

ABVP की ओर से सहायक एथलेटिक सचिव पद की उम्मीदवार स्मिता साहू ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा छात्रों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी गुट अपनी तय हार को देखकर बौखला गया है और हिंसा का सहारा ले रहा है। उन्होंने कहा कि शांत हैं क्योंकि हम जानते हैं कि छात्र हमारे साथ हैं। विपक्ष ने अपनी हार तय देखकर आक्रामक रुख अपनाया और चुनाव में बाधा डालने के लिए कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। इसके बावजूद चुनाव शांतिपूर्वक होंगे।

वहीं, यूनिवर्सिटी के एक अन्य छात्र ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि बाहरी लोग परिसर में आकर छात्रों पर राजनीतिक समर्थन का दबाव बना रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति इस मामले में कड़े कदम नहीं उठाते हैं, तो वे चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार करने पर मजबूर होंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article