क्रिकेट

एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सौरव गांगुली ने रखी अपनी राय, कहा-जारी रहना चाहिए...

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के अध्यक्ष रहे सौरव गांगुली ने एशिया कप 2025 में भारत औऱ पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मुकाबले को लेकर अपनी राय रखी है। प्रशंसक इस मैच को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। जानिए गांगुली ने क्या कहा?

Image

सौरव गांगुली(फोटो क्रेडिट BCCI X)

कोलकाता: भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने रविवार को कहा कि उन्हें आगामी एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के एक ही ग्रुप में होने से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकवाद खत्म होना चाहिए, लेकिन खेल जारी रहना चाहिए। एशिया कप के कार्यक्रम के अनुसार चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है और वे 14 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने होंगे।

गांगुली ने ‘पीटीआई’ से कहा, 'मैं इसके कार्यक्रम से सहमत हूं। खेल जारी रहना चाहिए। पहलगाम में जो हुआ वह कभी नहीं होना चाहिए, लेकिन हम उसे खेल को रोकने नहीं दे सकते। आतंकवाद खत्म होना चाहिए। भारत ने इसके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है, अब यह अतीत की बात है। खेल जारी रहना चाहिए।'

भारत एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा। उम्मीद है कि वह अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान 21 सितंबर को सुपर फोर चरण में फिर से भिड़ सकते हैं। भारत के ग्रुप ए में पाकिस्तान, यूएई और ओमान शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग हैं। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) 19 मैचों के इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीमों को अनुमति देगी, जिसमें मैच दुबई और अबू धाबी में खेले जायेंगे।

बीसीसीआई एशिया कप के इस सत्र आधिकारिक मेजबान है लेकिन इसका आयोजन यूएई किया जा रहा है क्योंकि भारत और पाकिस्तान दोनों देशों की सीमा पर तनाव के कारण 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर खेलने पर सहमत हुए हैं। पहलगाम हमले के बाद दोनों देश युद्ध के कगार पर आ गए थे, जिसका भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के साथ जवाब दिया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article