क्रिकेट

दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के बाद युवराज सिंह ने दादा को लेकर दिया बड़ा बयान

दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच युवराज सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्य कोच सौरव गांगुली के साथ मिलकर फ्रेंचाइजी में यह भरोसा बहाल करने का लक्ष्य रखा है कि टीम आईपीएल प्लेऑफ में जगह बना सकती है।

Image

दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े युवराज और सौरव गांगुली। फोटो-DC

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच युवराज सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्य कोच सौरव गांगुली के साथ मिलकर फ्रेंचाइजी में यह भरोसा बहाल करने का लक्ष्य रखा है कि टीम आईपीएल प्लेऑफ में जगह बना सकती है। दिल्ली कैपिटल्स 2008 में लीग की शुरुआत के बाद से कभी आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी है। टीम ने आखिरी बार 2021 सत्र में अंतिम चार में जगह बनाई थी।

युवराज ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में कहा, हमारे अंदर निश्चित रूप से क्षमता है और इसी वजह से दादा (गांगुली) और मैं यह भरोसा वापस लाने के लिए साथ आए हैं। हमारा पहला लक्ष्य प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई करना है, लेकिन हम यहां चैंपियनशिप जीतने के लिए आए हैं और मुझे नहीं लगता कि हम ऐसा नहीं कर सकते।

'भविष्य में भी ऐसा नहीं हो सकता'

उन्होंने कहा, अतीत में ऐसा नहीं हुआ तो इसका मतलब यह नहीं है कि भविष्य में भी ऐसा नहीं हो सकता। हम ऐसी टीम और माहौल तैयार करना चाहते हैं जो मुकाबला करने, किसी भी प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देने और हर परिस्थिति में प्रदर्शन करने के लिए तैयार हो।

युवराज ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स को अपनी टीम के संयोजन में बहुत ज्यादा बदलाव करने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसे आत्मविश्वास बढ़ाने पर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, इस स्तर पर हर खिलाड़ी के पास कौशल है और वह टीम में कुछ अलग योगदान देता है। लेकिन मैं ऐसी जगह से आता हूं जहां आत्मविश्वास बेहद महत्वपूर्ण है।

'वह लंबे समय से...'

युवराज ने टीम के बल्लेबाजों पर भरोसा जताते हुए कहा कि लोकेश राहुल एक मजबूत खिलाड़ी हैं जिन्हें वह लंबे समय से देखते आए हैं जबकि ट्रिस्टन स्टब्स काफी रोमांचक प्रतिभा हैं। उन्होंने समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा जैसे खिलाड़ियों को भी अच्छा आक्रामक बल्लेबाज बताया।

युवराज ने कहा कि जब गांगुली ने उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग टीम से जुड़ने के लिए कहा तो उन्हें फैसला लेने में कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा, उन्होंने पूछा, ’क्या तुम मेरे सहायक बनोगे?’ मैंने कहा, ’मैं पिछले 25 साल से आपका सहायक रहा हूं इसलिए शायद अब भी वही काम करूंगा।' मुझे यह भूमिका निभाकर बहुत खुशी हुई।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article