क्रिकेट

Smriti Mandhana Wedding: स्मृति मंधाना के पिता की अचानक बिगड़ी तबीयत, पलाश मुच्छल संग शादी टली

Smriti Mandhana Wedding: भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और सिंगर पलाश मुच्छल की शादी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल स्मृति के पिता की तबीयत अचानक से खराब हो गई है जिसके चलते फिलहाल शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।

Image

स्मृति मंधाना की शादी टली (फोटो- PTI)

Smriti Mandhana Wedding: भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। दरअसल शादी की तैयारियां महाराष्ट्र के सांगली स्थित मंधाना फार्म हाउस में चल रही थीं, तभी स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत खराब हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें हार्ट अटैक आया है।

पिता अस्पताल में भर्ती

श्रीनिवास मंधाना को तत्काल सांगली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिवार से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की कि खबर सुनते ही स्मृति और उनके परिवार के अन्य सदस्य तुरंत अस्पताल पहुंचे।स्मृति के मैनेजर ने मीडिया को घटना की जानकारी देते हुए बताया, 'आज सुबह नाश्ते के समय, स्मृति मंधाना के पिता, श्रीनिवास मंधाना की तबीयत खराब होने लगी। हमने थोड़ी देर इंतजार किया कि शायद वह सामान्य हो जाएँगे, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी। इसलिए हमने कोई जोखिम न लेते हुए एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें अस्पताल ले गए। अब वह निगरानी में हैं।'

स्मृति ने किया बड़ा फैसला

मैनेजर ने बताया कि इन परिस्थितियों में स्मृति ने शादी को टालने का फैसला किया है। उन्होंने कहा 'आप जानते हैं कि स्मृति अपने पिता के बहुत करीब हैं। उन्होंने फैसला किया कि जब तक उनके पिता ठीक नहीं हो जाते, तब तक यह शादी, जो आज होने वाली थी, अनिश्चितकाल के लिए स्थगित रहेगी।डॉक्टर ने कहा है कि उन्हें अभी अस्पताल में ही रहना होगा। हम सब भी सदमे में हैं और चाहते हैं कि वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।'

जश्न के बीच पसरा सन्नाटा

स्मृति और पलाश की शादी आज (23 नवंबर) को करीबी परिवार के सदस्यों और दोस्तों की मौजूदगी में होने वाली थी। महिला विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की कई सदस्य भी शादी के जश्न में शामिल थीं। पिछले कुछ दिनों से हल्दी और मेहंदी जैसे प्री-वेडिंग फंक्शन के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे थे। दूल्हा और दुल्हन की टीमों के बीच दोस्ताना क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया गया था।

लेकिन अब, इस दुखद घटना के कारण शादी समारोह को रद्द कर दिया गया है और समदोल वेडिंग वेन्यू पर सजावट हटाने का काम चल रहा है। युगल और उनके परिवारों ने सभी से निजता बनाए रखने का अनुरोध किया है ताकि वे श्रीनिवास मंधाना के स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article