क्रिकेट

SL vs BAN 2nd Test: पथुम निसंका ने जड़ा शतक, श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ बनाया दबदबा

Sri Lanka vs Bangladesh 2nd Test Day 2 Highlights: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच का दूसरा दिन समाप्त हो गया है। इसमें श्रीलंका क्रिकेट टीम ने दबदबा बना लिया है।

Image

पथुम निसंका (फोटो- AP)

ढाका, 26 जून 2025: पथुम निसंका के लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शतक की बदौलत श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में दो विकेट के नुकसान पर 290 रन बना लिए। बांग्लांदेश की टीम अपनी पहली पारी में 247 रन पर सिमट गई थी।

निसंका का शानदार प्रदर्शन जारी

निसंका ने पिछले हफ्ते गॉल में हुए पहले टेस्ट (जो ड्रॉ रहा) में 187 रन की अपनी करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली थी। अब उन्होंने दूसरे टेस्ट में 238 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौकों की मदद से नाबाद 146 रन बनाए हैं।

चांदीमल-निसंका की जोड़ी ने बांधी कमान

निसंका और दिनेश चांदीमल ने बांग्लादेश के गेंदबाजों के खिलाफ मजबूत बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 194 रन की साझेदारी की। चांदीमल 153 गेंदों में 93 रन बनाकर शतक से सिर्फ सात रन दूर रह गए, लेकिन नईम हसन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में वह विकेटकीपर लिटन दास को कैच दे बैठे। यह पहला मौका था जब चांदीमल 90 से अधिक रन बनाने के बाद आउट हुए।

श्रीलंका की मजबूत शुरुआत

श्रीलंका ने निसंका और लाहिरू उदारा (40 रन) की 88 रन की साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की, लेकिन लंच के बाद ताईजुल इस्लाम ने उदारा को आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी। चाय के बाद निसंका ने खलीद अहमद के खिलाफ चौका लगाकर 167 गेंदों में अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया।

बांग्लादेश की पहली पारी

बांग्लांदेश ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 220 रन से की थी, लेकिन सिर्फ 27 रन जोड़कर अंतिम दो विकेट गंवा दिए। डेब्यू करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर सोनल दिनुषा ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो ने 51 रन देकर तीन विकेट झटके।अब तक के खेल में श्रीलंका ने बांग्लादेश पर 43 रन की बढ़त बना ली है और तीसरे दिन का खेल निसंका (146) और प्रभात जयसूर्या (5) के साथ शुरू होगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article