टी20 वर्ल्ड कप 2022 में सोमवार शाम ग्रुप मैचों में आयरलैंड और जिंबाब्वे की टीमें भी आमने-सामने आईं। इस मैच में जिंबाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 174 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 143 रन ही बना सकी और मैच 31 रन से गंवा दिया। इस मैच के हीरो रहे जिंबाब्वे के स्टार बल्लेबाज सिकंदर रजा।
इस मैच में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया लेकिन उनका ये फैसला ज्यादा देर तक सही साबित होता नहीं दिखा। जिंबाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। शुरुआत में तो ओपनर्स के रूप में उनको दो झटके जल्दी लग गए लेकिन मध्यक्रम में एक बार फिर जिंबाब्वे के स्टार बल्लेबाज सिकंदर रजा ने मोर्चा संभाला और खेल पलट दिया।
सिकंदर रजा ने 48 गेंदों में 82 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और उतने ही छक्के भी शामिल रहे। उन्हीं के दम पर जिंबाब्वे ने 7 विकेट खोते हुए 174 रन बना डाले। इस दौरान आयरलैंड की तरफ से जोश लिटिल ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि मार्क एडेर और सिमी सिंह ने 2-2 विकेट झटके।
जवाब में उतरी आयरलैंड की टीम के छह खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। उनकी तरफ से सर्वाधिक 27 रन कर्टिस कैम्फर ने बनाए। कुछ अन्य बल्लेबाजों ने भी 20+ रनों का योगदान तो दिया लेकिन ये लक्ष्य हासिल करने के लिए नाकाफी साबित हुआ। वे 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 143 रन ही बना सके। इस दौरान जिंबाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, वहीं चतारा और रिचर्ड ने 2-2 विकेट लिए, जबकि विलियम्स और मैन ऑफ द मैच सिकंदर रजा ने 1-1 विकेट लिया।
