क्रिकेट

GT vs LSG: शुभमन गिल ने तोड़ा कोच गौतम गंभीर का आईपीएल रिकॉर्ड

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने आईपीएल में 4000 क्लब में एंट्री कर ली। लखनऊ के खिलाफ मैच में गिल ने अपना पिछला प्रदर्शन जारी रखा और शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर 4000 क्लब में एंट्री कर ली।

Image

शुभमन गिल (साभार -X)

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल का शानदार प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलने वाले गिल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी अर्धशतक जड़ दिया। इस पारी के दम पर गिल ना केवल 4000 क्लब में शामिल हो गए हैं, बल्कि उन्होंने गौतम गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की ओर से पारी की शुरुआत गिल और सुदर्शन ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 31 गेंद में 45 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 14 गेंद में 15 रन बनाकर दिग्वेश राठी का शिकार बने।

4,000 क्लब में शुभमन गिल

इस मुकाबले से पहले गिल को आईपीएल में 4,000 रन पूरा करने के लिए 25 रन की दरकार थी। उन्होंने जैसे ही मोहम्मद सिराज के 5वें ओवर की 5वीं गेंद पर चौका जड़ा, आईपीएल में 4,000 रन पूरे कर लिए। वह आईपीएल में 4,000 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले 19वें बल्लेबाज और 14वें भारतीय बल्लेबाज बन गए। गिल के लिए गुजरात टाइटंस आईपीएल की दूसरी टीम है। इससे पहले वह केकेआर का हिस्सा रह चुके हैं।

गिल ने तोड़ा गौतम गंभीर का रिकॉर्ड

आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में अब गिल भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर से आगे निकल गए। गौतम गंभीर के नाम आईपीएल में 154 मैच की 152 पारी में 4,017 रन थे। उन्होंने इस दौरान 36 अर्धशतक लगाए थे। लेकिन लखनऊ के खिलाफ खेली गई गिल की अर्धशतकीय पारी के बाद अब वह गौतम गंभीर से आगे निकल गए हैं।

मैच की बात करें तो टॉस शुभमन गिल ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन लखनऊ की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। पिछले मैच की तरह पंत इस बार भी कुछ खास नहीं कर पाए और केवल 18 रन बनाकर आउट हो गए। एडेन मार्करम के 30 और बाद में जॉर्ज लिंडे और मोहम्मद शमी के 16 और 12 रन की पारी के दम पर लखनऊ ने 8 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article