क्रिकेट

IND vs SA: शुभमन गिल ने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस को बताया वरदान, फिटनेस को लेकर खुद दिया बड़ा अपडेट

Shubman Gill Praise BCCI Centre of Excellence: टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की तारीफ की है, जिसने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले उन्हें फिट करने में मदद की है।

Shubman Gill COE

शुभमन गिल (फोटो- BCCI)

Shubman Gill Praise BCCI Centre of Excellence: साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले चोट से उबरकर वापसी कर रहे भारतीय क्रिकेट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA), जिसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) भी कहा जाता है, की जमकर तारीफ की है। गिल ने कहा है कि इस विश्वस्तरीय सुविधा ने उन्हें फिटनेस हासिल करने में बेहतरीन मदद की है, और इसे किसी भी एथलीट के लिए 'जन्नत' बताया है।

चोट के बाद NCA में शानदार रिकवरी

हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय शुभमन गिल चोटिल हो गए थे। इस चोट के कारण उन्हें दूसरे टेस्ट मैच से बाहर बैठना पड़ा था और इसके बाद वह तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। हालांकि, एनसीए में गहन पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) और ट्रेनिंग के बाद, गिल अब पूरी तरह से फिट होकर पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए मैदान में उतरने को तैयार हैं।

गिल ने बताया अपना अनुभव: 'पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं'

बीसीसीआई ने अपनी सोशल मीडिया हैंडल पर शुभमन गिल का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपनी रिकवरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। गिल ने कहा, "मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। मुझे लगता है कि जिस दिन मैं यहां आया था, उस दिन से लेकर आज तक, मैंने काफी स्किल सेशन और कुछ ट्रेनिंग सेशन किए हैं। अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं।"

उन्होंने आगे NCA की तारीफ करते हुए कहा, "रिकवरी से लेकर ट्रेनिंग तक, मुझे लगता है कि एक एथलीट के लिए इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। यह किसी भी एथलीट के लिए जन्नत है। आप यहां आते हैं, आप शारीरिक तौर पर बेहतर होना चाहते हैं, आप मानसिक तौर पर बेहतर होना चाहते हैं।"

विश्वस्तरीय सुविधाएं: 'ऑक्सीजन चैंबर और क्रायो'

सीओई में उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं से गिल काफी प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि यहां की सुविधाएं अपेक्षा से भी अधिक हैं। गिल ने विशेष रूप से रिकवरी में सहायक उपकरणों का उल्लेख करते हुए कहा, "आप इससे बेहतर सुविधाओं की उम्मीद नहीं कर सकते। आप जानते हैं, आप ऑक्सीजन चैंबर में जा सकते हैं। वहां क्रायो है और रिकवरी के लिए मैंने जिन चीजों का इस्तेमाल किया है, वे मेरे लिए बहुत बढ़िया रही हैं।" उन्होंने NCA के विशाल सेटअप की ओर इशारा करते हुए कहा कि वहां बहुत सारी ऐसी मशीनें थीं, जिनके इस्तेमाल की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी, जो इस बात को दर्शाती हैं कि सेटअप कितना बड़ा है।

कोच और ट्रेनर की भूमिका: 'तैयारी आपको एक पायदान ऊपर ले जाएगी'

गिल ने NCA में खिलाड़ियों के साथ काम करने वाले समर्पित ट्रेनर और कोचों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, "हमारे साथ काम करने के लिए यहां सभी कोच हैं। आपके पास सभी ट्रेनर और सभी फिजियो हैं, लेकिन आप उस पहलू से खुद पर काम करने के लिए कितने तैयार हैं, यह आपको बाकी खिलाड़ियों से एक पायदान ऊपर ले जाएगा।" गिल का यह बयान दिखाता है कि एथलीट के खुद के समर्पण के साथ-साथ NCA का पेशेवर मार्गदर्शन और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर भारतीय क्रिकेटरों को चोट से उबरने और अपने खेल में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुन... और देखें

End of Article