Shoaib Akhtar Brother Shahid Akhtar Death: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के बड़े भाई शाहिद अख्तर का निधन हो गया। ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर शोएब ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने भाई के दुनिया से चले जाने की खबर साझा की थी। उन्होंने बेहद भावुक शब्दों में बताया था कि उनके लिए यह कितनी बड़ी क्षति है। हालांकि, शोएब अख्तर के भाई के जनाजे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जनाजे की नमाज के दौरान प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा की पॉलिटिकल पार्टी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) से जुड़े कई नेताओं को देखा गया।
LeT/PMML ने जारी किया वीडियो
इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो PMML ने अपने आधिकारिक चैनलों पर खुद जारी किया है, जिसके बाद मामला गरमा गया। वीडियो और तस्वीरों में PMML इस्लामाबाद के अध्यक्ष इनाम-उर-रहमान कंबोह जनाजे में मौजूद दिखे। उनके साथ उप महासचिव अब्दुल्ला तूर, जोनल महासचिव हाफिज उमर और खिदमत कमेटी के अध्यक्ष अमजद भट्टी भी नमाज अदा करते नजर आए। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि लश्कर सरगना हाफिज सईद के कुछ करीबी लोग भी वहां पहुंचे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- 11वें नंबर की टीम आयरलैंड ने विश्व चैंपियन भारत को हराकर रचा इतिहास, महिला टीम ने ऐसे मनाया जश्न
गौरतलब है कि PMML को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लश्कर-ए-तैयबा का राजनीतिक चेहरा माना जाता है। हाफिज सईद संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकी घोषित है और मुंबई 26/11 हमलों का मुख्य साजिशकर्ता है। ऐसे में एक मशहूर पूर्व क्रिकेटर के पारिवारिक कार्यक्रम में इन नेताओं की मौजूदगी पर कूटनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। भारत पहले से ही पाकिस्तान पर आतंकी संगठनों को शह देने का आरोप लगाता रहा है। फिलहाल शोएब अख्तर या उनके परिवार ने इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
शोएब अख्तर के करियर में भाई की बड़ी भूमिका
बता दें कि शोएब अख्तर के करियर में शाहिद की भूमिका सिर्फ बड़े भाई की नहीं थी। जबकि शोएब क्रिकेट में अपने पैर जमाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब शाहिद ने हर कदम पर उनका साथ दिया। शोएब खुद कई बार कह चुके हैं कि मुश्किल वक्त में उनके भाई किसी साये की तरह उनके साथ खड़े रहे। उनके समर्थन के बिना शायद वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते।
