हैदराबाद: आईपीएल 2025 के लिए हुई नीलामी में भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को खरीदार नहीं मिला थी। 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइज के साथ मैदान में उतरे शार्दुल को अपनी टीम में शामिल करने की किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई थी। लेकिन आईपीएल 2025 के आगाज से ठीक पहले लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल होने का मौका मिल गया। उन्हें चोटिल मोहसिन खान की जगह मौका मिला।
हैदराबाद के खिलाफ चटकाए 4 विकेट
शार्दुल ने लखनऊ की ओर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी की थी और 19 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे। शार्दुल ने अपने इस फॉर्म को गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी जारी रखा और 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए और आईपीएल करियर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
दो गेंद में अभिषेक और ईशान का शिकार
शार्दुल ने हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की। शार्दुल अपने स्पेल के दूसरे ओवर की पहली दो गेंद पर अभिषेक शर्मा और ईशान किशान को आउट करके हैट्रिक पर आ गए थे। तीसरी गेंद पर उन्होंने बेहतरीन यॉर्कर डाली लेकिन नीतीश रेड्डी ने उन्हें लगातार तीसरा विकेट चटकाने नहीं दिया। अंत में शार्दुल ने अभिनव मनोहर और मोहम्मद शमी को कैच कराकर विकेटों का चौका जड़ दिया। इसके साथ ही शार्दुल ने 2 मैच में 6 विकेट के साथ पर्पल कैप अपने नाम कर ली।
आईपीएल में जड़ा विकेटों का शतक
शार्दुल ठाकुर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए। शार्दुल ने 99वें मैच में 100 विकेट भी पूरे कर लिए। शार्दुल के नाम 99 मैच में 103* विकेट हो गए हैं। उन्होंने लगभग 28. 85 के औसत और 9.23 की इकोनॉमी के साथ ये विकेट अपने नाम किए हैं।
