PAK Squad For SL T20I Series: विवाद और पाकिस्तान क्रिकेट एक साथ ही चलता है। टी20 विश्व कप 2026 से पहले पाकिस्तान को अब श्रीलंका के खिलाफ एक टी20 सीरीज खेलनी है और इस सीरीज के लिए टीम की घोषणा ने सबको चौंका दिया है। ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में खेल रहे अपने शीर्ष खिलाड़ियों को वापस बुलाने के बजाय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन खिलाड़ियों के बिना ही श्रीलंका सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। वैसे, इसके पीछे पाकिस्तान क्रिकेट का क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को दिया एक वादा है, जो टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले बेहद अजीब है।
जनवरी 2026 में श्रीलंका में होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए ऑलराउंडर शादाब खान को अपनी टीम में शामिल किया है लेकिन इस श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग (बीबीएल) में खेल रहे बल्लेबाज बाबर आजम या तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को वापस नहीं बुलाया है।
शादाब खान आगामी 7 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। कंधे की सर्जरी के कारण इस साल जून से क्रिकेट से बाहर रहने के बाद उन्होंने इस महीने बीबीएल से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की, जहां उन्होंने अपने अन्य हमवतन खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन किया।
बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, हसन अली और मोहम्मद रिजवान अन्य पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं जो बीबीएल में खेल रहे हैं। इनमें से किसी को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है और वे ऑस्ट्रेलियाई लीग में खेलना जारी रखेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को आश्वासन दिया था कि बीबीएल में खेलने वाले उसके खिलाड़ी पूरे सत्र के लिए उपलब्ध रहेंगे और यही वजह है कि इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।
पाकिस्तान ने सलमान अली आगा की अगुवाई में 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है जिसमें बल्लेबाज ख्वाजा नफे के रूप में नया चेहरा भी शामिल है। इसके अलावा अब्दुल समद ने भी टीम में वापसी की है।
श्रीलंका सीरीज के लिए पाकिस्तान की टी20 टीम (Pakistan squad for SL T20I Series)
सलमान अली आगा (कप्तान), अब्दुल समद, सईम अयूब, साहबजादा फरहान, फखर जमां, शादाब खान, फहीम अशरफ, मुहम्मद नवाज, अबरार अहमद, उस्मान तारिक, उस्मान खान, ख्वाजा नफे, नसीम शाह, सलमान मिर्जा और मुहम्मद वसीम जूनियर।
