क्रिकेट

IND vs SA: मुथुसामी-वैरेन की जोड़ी ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया नया रिकॉर्ड

IND vs SA: साउथ अफ्रीका के लिए अपना 8वां टेस्ट खेल रहे मुथुसामी ने अपने करियर का पहला शतक जड़ दिया। मुथुसामी के इस शतकीय पारी के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।

Image

भारत और साउथ अफ्रीका (साभार-Proteas Men)

IND vs SA: साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट में मजबूत स्कोर की ओर अपने कदम बढ़ा दिए हैं। दूसरे दिन के पहले सेशन में टीम इंडिया, साउथ अफ्रीका के सामने पूरी तरह से बेबस नजर आई। साउथ अफ्रीका की पहली पारी के दौरान सेनुरन मुथुसामी और काइल वेरेन की जोड़ी ने 236 गेंदों की साझेदारी करते हुए बड़ा कारनामा किया। इस जोड़ी ने सातवें विकेट के लिए 236 गेंदों में 88 रन जोड़े। यह एशिया में साउथ अफ्रीका के लिए सातवें विकेट या उससे निचले क्रम के लिए गेंदों के लिहाज से दूसरी सबसे लंबी साझेदारी है।

इससे पहले साल 2019 में केशव महाराज और वर्नोन फिलेंडर ने भारत के विरुद्ध टेस्ट मैच में 259 बॉल पर 109 रन बनाए थे। यह मुकाबला पुणे में खेला गया, जिसे भारत ने पारी और 137 रन से अपने नाम किया था। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में जारी दूसरे टेस्ट की बात करें, तो साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। सलामी जोड़ी के रूप में एडेन मार्करम और रियान रिकेल्टन की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। मार्करम 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकेल्टन ने 35 रन की पारी खेली।

ट्रिस्टन स्टब्स (49) ने कप्तान टेंबा बावुमा (41) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। पहले दिन के अंतिम सेशन तक साउथ अफ्रीकी टीम ने 6 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन दूसरे दिन के पहले सेशन में सेनुरन मुथुसामी और काइल वेरेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। आखिरकार, 334 के स्कोर पर भारत यह जोड़ी तोड़ने में कामयाब रहा। वेरेन 122 गेंदों में 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मुथुसामी ने शतक पूरा किया।

साउथ अफ्रीका ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच को 30 रन के करीबी अंतर से अपने नाम किया है। ऐसे में भारत गुवाहाटी टेस्ट को जीतकर सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म करना चाहेगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article