रावलपिंडी: इस्लामाबाद और वाना में हुए आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान के दौरे पर आई श्रीलंका की क्रिकेट टीम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उसके खिलाड़ियों के साथ सरकारी मेहमानों जैसा व्यवहार किया जाएगा। इस्लामाबाद में श्रीलंका के उच्चायुक्त एडमिरल (सेवानिवृत्त) फ्रेड सेनेविरत्ने, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी और सरकारी अधिकारियों के बीच हुई बैठक में सुरक्षा मुद्दे पर चर्चा की गई।
बढ़ाई गई श्रीलंकाई टीम की सुरक्षा
सूत्रों ने बताया कि नकवी ने श्रीलंकाई टीम के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया। नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं। सूत्र ने कहा,'श्रीलंका की टीम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पाकिस्तानी सेना तथा अर्धसैनिक रेंजर्स को मेहमान खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है।'
तहरीक-ए-तालीबान को ठहराया आंतकी हमले के लिए जिम्मेदार
बुधवार की बैठक के दौरान इस्लामाबाद के शीर्ष पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की गई। नकवी ने श्रीलंका के उच्चायुक्त को आश्वस्त किया कि मेहमान टीम के खिलाड़ी और अधिकारी पाकिस्तान में राजकीय अतिथि हैं। बैठक के बाद उच्चायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। पाकिस्तान ने आतंकी हमलों के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को जिम्मेदार ठहराया है। मंगलवार को इस्लामाबाद में एक न्यायिक परिसर के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया जिसमें 12 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। इस बीच उत्तरी पाकिस्तान के वाना क्षेत्र में वाना कैडेट कॉलेज पर आतंकवादी हमले को सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया और लगभग 300 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मोहसिन नकवी ने की पाकिस्तानी टीम से मुलाकात
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अता तरार ने कहा कि यदि सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई नहीं की होती तो पाकिस्तान 2018 में पेशावर स्कूल हमले जैसी बड़ी घटना का गवाह बन सकता था। तीन वर्ष पहले न्यूजीलैंड की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला रद्द कर रही थी। न्यूजीलैंड की टीम तब संभावित आतंकवादी हमले की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने के बाद बिना कोई मैच खेले ही स्वदेश लौट गई थी। सूत्र ने कहा, 'यही कारण है कि मोहसिन नकवी व्यक्तिगत रूप से स्टेडियम गए और मेहमान टीम के सदस्यों से मिले तथा उन्हें सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया।'
2009 में श्रीलंकाई टीम की बस पर हुआ था आतंकी हमला
मार्च 2009 में टीटीपी आतंकवादियों ने गद्दाफी स्टेडियम के पास श्रीलंकाई टीम की बस पर हमला किया था, जिसके कारण लगभग 10 वर्षों तक पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित नहीं किए गए क्योंकि विदेशी टीमों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण देश का दौरा करने से इनकार कर दिया था। रावलपिंडी में तीन एकदिवसीय मैच खेलने के बाद श्रीलंका 17 से 29 नवंबर तक टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला में भाग लेगा जिसमें तीसरी टीम जिंबॉब्वे की होगी।
(भाषा)
