क्रिकेट

9 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी का करियर एक झटके में खत्म, ड्रग्स बनीं वजह

Sean Williams Career: जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की है कि सीनियर खिलाड़ी सीन विलियम्स को अब राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं दी जाएगी। बोर्ड के इस फैसले के बाद विलियम्स का अंतर्राष्ट्रीय करियर समाप्त माना जा रहा है।

Image

सीन विलियम्स (फोटो- ICC)

Sean Williams Career: जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा और कड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि टीम के सीनियर और अनुभवी खिलाड़ी सीन विलियम्स को अब राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। बोर्ड के इस निर्णय के बाद माना जा रहा है कि जिम्बाब्वे के लिए उनका अंतर्राष्ट्रीय करियर लगभग समाप्त हो गया है। विलियम्स को भविष्य में चयन के लिए दावेदार नहीं माना जाएगा।

नशीली दवाओं की लत बनी वजह

सीन विलियम्स के इस चौंकाने वाले फैसले के पीछे की वजह बेहद गंभीर है। आंतरिक जांच में बोर्ड को पता चला है कि विलियम्स नशीली दवाओं की लत से जूझ रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने हाल ही में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप अफ्रीका क्वालीफायर 2025 से अपना नाम वापस ले लिया था। आशंका है कि डोपिंग रोधी परीक्षण (Anti-Doping Test) के दौरान खुद को अनुपलब्ध बताने के पीछे भी यही कारण था। बोर्ड के अनुसार, विलियम्स अब स्वेच्छा से रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

बोर्ड का कठोर अनुशासनात्मक फैसला

जिम्बाब्वे क्रिकेट (ZC) द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि विलियम्स के अनुशासनात्मक मुद्दों और बार-बार अनुपलब्धता का इतिहास रहा है, जिसका असर टीम की तैयारियों और प्रदर्शन पर पड़ा है।विज्ञप्ति में कहा गया: "सभी अनुबंधित खिलाड़ियों से व्यावसायिकता, अनुशासन और टीम प्रोटोकॉल व डोपिंग रोधी नियमों के अनुपालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है... गंभीर विचार-विमर्श के बाद बोर्ड ने निर्णय लिया है कि विलियम्स भविष्य में चयन के लिए दावेदार नहीं होंगे। 31 दिसंबर 2025 के बाद उन्हें अनुबंध नहीं दिया जाएगा।"हालांकि, बोर्ड ने जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिए विलियम्स द्वारा दिए गए योगदान की सराहना की है और उनके बेहतर भविष्य की कामना की है।

विलियम्स का शानदार रिकॉर्ड

39 साल के सीन विलियम्स जिम्बाब्वे के लिए बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं। 2005 में वनडे, 2013 में टेस्ट और 2006 में टी20 में उन्होंने डेब्यू किया था। 24 टेस्ट में 6 शतक की मदद से 1,946 रन, 164 वनडे में 8 शतक और 37 अर्धशतक की मदद से 5,217 रन और 85 टी20 में 12 अर्धशतक की मदद से 1,805 रन उन्होंने बनाए हैं। टीम की कप्तानी कर चुके विलियम्स ने टेस्ट में 26, वनडे में 86 और टी20 में 49 विकेट लिए हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article