क्रिकेट

Sanju Samson Century: संजू सैमसन ने जड़ा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक, बने ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय

भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में आतिशी शतक जड़कर वो कारनामा कर दिखाया जो उनसे पहले और कोई भारतीय नहीं कर पाया।

Image

संजू सैमसन

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • सैमसन ने डरबन टी20 में खेली 50 गेंद में 107 रन की पारी
  • बने टी20आई में लगातार दो शतक जड़ने वाले पहले भारतीय
  • की रोहित शर्मा के एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी

डरबन: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार मैच की टी20 सीरीज में आतिशी शुरुआत करते हुए डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में आतिशी शतक 47 गेंद में जड़ दिया। टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे सैमसन ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक लगातार दो छक्के जड़कर पूरा किया था। इसके बाद उन्होंने इस शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 47 गेंद में अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का दूसरा शतक जड़ दिया। जो लगातार दो पारियों में उनके बल्ले से निकले हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में जड़ा था शतक

इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में सैमसन ने अपने करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक जड़ा था। सैमसन ने डरबन में 47 गेंद की शतकीय पारी में 7 चौके और 9 छक्के जड़े। सैमसन 50 गेंद में 107 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 10 छक्के जड़े।

टी20आई में लगातार दो शतक जड़ने वाले पहले भारतीय

सैमसन लगातार दो अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाजों ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में कई बार तीन अंक के आंकड़े को छूआ लेकिन लगातार दो पारियों में वो ऐसा नहीं कर सके। ऐसे में सैमसन ने अपने नाम ये विशिष्ट उपलब्धि हासिल कर ली है। सैमसन पहले ही अंतरराष्ट्रीय टी20 में शतक जड़ने वाले पहले विशुद्ध भारतीय विकेटकीपर बने थे। उन्होंने विदेश में भी अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक जड़ने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में भी अपना नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया है।

भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I शतक जड़ने वाले भारतीय

भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में सैमसन लगातार दूसरे शतक के साथ साझा रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा 5 शतक रोहित शर्मा ने जड़े हैं। उनके बाद चार शतक के साथ दूसरे पायदान पर सूर्यकुमार यादव है। ऐसे में केएल राहुल के साथ संजू सैमसन तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दोनों के खाते में 2-2 शतक हैं।

एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय

संजू सैमसन अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय भी बन गए हैं। सैमसन 10 छक्के की मदद से रोहित शर्मा के साथ पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। रोहित ने साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 10 छक्के जड़े थे। इस सूची में दूसरे पायदान पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने एक पारी में 9 छक्के जड़े थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article