क्रिकेट मैचों के दौरान कई बार कमेंट्री बॉक्स और उससे इतर मैच के दौरान होने वाले लाइव कार्यक्रमों में कई बार क्रिकेट एक्सपर्ट व पूर्व दिग्गज खिलाड़ी आपस में नोकझोंक करते नजर आए हैं। एक बार फिर वही नजारा भारत और श्रीलंका के बीच गाले में चल रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन दिखाई दिया। कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक के बीच तीखी बहस हो गई। यह बातचीत तब खराब हो गई जब कार्तिक ने मांजरेकर के 'पाउट' (होंठों को आगे निकालने के अंदाज) पर टिप्पणी की। ब्रेक के दौरान कार्तिक ने कहा, "यहां मौजूद सभी लोगों की ओर से एक विनम्र और बड़ी गुज़ारिश है, आपका पाउट 'सदी का सबसे बेहतरीन पाउट' है, लेकिन इसकी वजह से हम समझ नहीं पाते कि आप क्या कह रहे हैं। इसलिए, कृपया इस पाउट को कम करें।"
संजय मांजरेकर को ये टिप्पणी रास नहीं आई और उन्होंने कार्तिक को जवाब देते हुए सीधे कैमरा पैनल में बैठे हुए अजिंक्य रहाणे की ओर घुमाने को कहा, जो पहली बार टेस्ट मैच की कमेंट्री कर रहे हैं। रहाणे ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है।
मांजरेकर ने जवाब दिया, "ये तो गलत बात है। क्या हम कैमरा दूसरी तरफ घुमा सकते हैं... क्या हम इसे स्प्लिट स्क्रीन कर सकते हैं और कैमरा उस दूसरे व्यक्ति पर ले जा सकते हैं क्योंकि उनसे बात करना ज्यादा सुखद है और उनका चेहरा भी ज्यादा अच्छा है। मैं बस सोचता हूं कि मुरली कार्तिक आईने में खुद को देखकर कहते होंगे- 'शानदार, शानदार, शानदार'।"
कार्तिक ने कहा, "मैं आईने में खुद को नहीं देखता। वो तुम हो। ये सिर्फ़ तुम हो।" इसके जवाब में मांजरेकर ने भी कार्तिक को जवाब दिया, उन्होंने कहा, "आईने में देखने का एक फायदा होता है। मैं समझ सकता हूं कि तुम्हारे लिए यह बहुत प्रेरणादायक नहीं है। खैर, हम दोनों यहां हद पार कर रहे हैं और सोशल मीडिया को इसमें लुत्फ मिल जाएगा।"
मैच में क्या कुछ हुआ
उधर मैदान पर, पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल भारत की मजबूत स्थिति के साथ खत्म हुआ। भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 284 रन पर ऑल-आउट करके 178 रन की बढ़त हासिल कर ली। काले बादलों की वजह से दिन का खेल जल्दी खत्म करना पड़ा। गाले में बारिश के कारण अब तक लगभग 70 ओवर का खेल नहीं हो पाया है। भारत की कोशिश होगी कि पारी घोषित करने से पहले दो सेशन में 200 से ज्यादा रन बनाए।
