क्रिकेट

Jasprit Bumrah vs Sam Konstas: जसप्रीत बुमराह से फिर भिड़े सैम कोंस्टास, सिडनी टेस्ट के पहले ही दिन मैदान पर भड़की आग

ऑस्ट्रेलिया के सैम कोंस्टास और भारत के जसप्रीत बुमराह सिडनी टेस्ट से पहले दिन आपस में एक दूसरे से भिड़ गए। इसका खामियाजा उस्मान ख्वाजा को भुगतना पड़ा।

Image

जसप्रीत बुमराह बनाम सैम कोंस्टास

Photo : AP

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हो रही है। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया और पूरी टीम 72.2 ओवर में 185 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम इंडिया के लिए पहले दो सत्र तो अच्छे रहे लेकिन मेलबर्न की तरह तीसरे सत्र में सात विकेट टीम ने गंवा दिए। पूरी टीम 185 रन बना सकी। ऐसे में भारतीय टीम ने गेंदबाजी में शानदार वापसी करते हुए पहला विकेट 9 रन के स्कोर पर हासिल कर लिया। लेकिन इस विकेट के गिरने से पहले जसप्रीत बुमराह और दूसरा टेस्ट खेल रहे सैम कोंस्टास मैदान पर भिड़ गए। बात यहां तक पहुंची की मामले को खत्म करने के लिए फील्ड अंपायर को दखल देना पड़ा।

बुमराह से फिर भिड़े कोंस्टास

सैम कोंस्टास ने सिडनी टेस्ट में पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। ये विवाद उस वक्त उपजा जब बुमराह अपना दूसरा ओवर डाल रहे थे। स्ट्राइक पर उस्मान ख्वाजा थे। ऐसे में नॉन-स्टाइक एंड पर खड़े सैम कोंस्टास ने वक्त खराब करने की कोशिश की जिससे कि तीन ओवर से ज्यादा दिन में ना फेंके जा सके। बुमराह गेंदबाजी के छोर पर खड़े थे और ख्वाजा बल्लेबाजी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में बुमराह रनअप शुरू करने के बाद रुक गए वो ख्वाजा के वक्त खराब करने से नाखुश थे। ऐसे में नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े सैम कोंस्टास बुमराह से भिड़ गए। वो बुमराह की ओर बढ़ने लगे ऐसे में फील्ड अंपायर ने बीच बचाव किया।

ख्वाजा को उठाना पड़ा खामियाजा

इस विवाद का खामियाजा दो गेंद बाद उस्मान ख्वाजा को भुगतना पड़ा। ख्वाजा बुमराह की गेंद पर चूक गए और स्लिप पर केएल राहुल के हाथों लपके गए। ऐसे में बुमराह विकेट का जश्न सैम कोंस्टास के सामने खड़े होकर उन्हें चिढ़ाते हुए मनाया। पूरी टीम इंडिया इस सेलिब्रेशन में बुमराह के साथ थी। वहीं विराट कोहली अपने आक्रामक अंदाज में विकेट का जश्न मना रहे थे।

मेलबर्न में शुरू हुई थी तकरार

मेलबर्न में अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में कोंस्टास ने बुमराह की जमकर धुनाई की थी। लेकिन दूसरी पारी में बुमराह ने उन्हें बोल्ड करके हिसाब चुकता कर दिया था और स्पेशल अंदाज में इस विकेट का जश्न मनाया था। दो खिलाड़ियों की ये तकरार मेलबर्न से सिडनी पहुंच गई है। सैम कोंस्टास पिच पर मौजूद हैं। ऐसे में शुक्रवार को भड़की आग के शनिवार को और विकराल होने की संभावना है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article